इटावा। जिला अस्पताल में इन दिनों वायरल बुखार से पीड़ित मरीजों की प्रतिदिन लंबी लाइन लग रही हैं। बुखार पीड़ितों की डेंगू, मलेरिया एवं टायफाइड की जांच कराई जा रही है। जुलाई में डेंगू की 112 एवं मलेरिया की 656 जांच में रिपोर्ट निगेटिव रहीं। वहीं, 1634 टायफाइड जांच में 142 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं, प्रतिदिन जांच में दो से पांच मरीजों में टायफाइड की पुष्टि हो रही है।

पिछले काफी समय से जिले में वायरल बुखार का प्रकोप बना हुआ हैं। मरीज जिला अस्पताल से लेकर अन्य सरकारी चिकित्सालयों एवं निजी अस्पतालों में उपचार कराने पहुंच रहे हैं। जिला अस्पताल में प्रतिदिन 150 के करीब मरीज बुखार के आ रहे हैं। इनमें प्रतिदिन दो से पांच मरीजों की टायफाइड रिपोर्ट पॉजिटिव आ रही हैं, जबकि जिला अस्पताल में अभी तक हुई जांच में एक भी मरीज की डेंगू या मलेरिया की रिपोर्ट पॉजिटिव नहीं आई हैं। जिला अस्पताल के फिजीशियन डॉ. अजय शर्मा ने बताया कि लक्षण के आधार पर मरीजों को ब्लड जांच कराने की सलाह दी जाती है। जांच रिपोर्ट आने के बाद उन्हें दवा व आराम करने की सलाह दी जा रही है। उन्होंने बताया कि इस समय वायरल तीन से पांच दिन में ठीक हो रहा है। सीएमएस डॉ. पारितोष शुक्ला ने बताया कि प्रतिदिन बुखार पीड़ित मरीजों की ब्लड जांच कराई जाती हैं। टायफाइड पॉजिटिव मरीज प्रतिदिन आ रहे हैं। अभी डेंगू-मलेरिया कोई पॉजिटिव नहीं मिला हैं। मरीजों बीमारी का लक्षण दिखने के आधार पर जांच कराने का परामर्श दिया जाता है। रिपोर्ट के आधार पर उसे दवा दी जाती है।


टायफाइड के प्रमुख लक्षण

-बुखार धीरे-धीरे बढ़ता है और बुखार 103 से लेकर 104 डिग्री तक पहुंच जाता है।

-सिर में तेज दर्द होना, मांसपेशियों और जोड़ों में जकड़न व दर्द महसूस होना।

-बिना ज्यादा काम किए भी शरीर में बहुत ज्यादा ढीलापन और सुस्ती रहती है।

-कुछ मरीजों की छाती और पेट पर हल्के गुलाबी रंग के छोटे-छोटे दाने या चकत्ते निकल आते हैं।

-संक्रमण की शुरुआत में सूखी खांसी की शिकायत हो सकती है।

-जीभ के ऊपर सफेद रंग की मोटी परत जम जाती है।


टायफाइड से बचाव के लिए क्या करे

-पानी को कम से कम एक मिनट तक उबालकर या अच्छी गुणवत्ता ही पानी पिएं।

-बासी या लंबे समय से खुला रखा खाना खाने से बचें। भोजन को हमेशा ढककर रखें।

-ठेले, रेहड़ी या खुले स्थानों पर बिकने वाले कटे हुए फल और बिना ढके खाद्य पदार्थों का सेवन न करें।

-अनजान जगहों पर बिकने वाली बर्फ या उससे बने पेय पदार्थों से बचें।

-खाना खाने या पकाने से पहले हाथों को अच्छी से धोएं।

-घर और आसपास स्वच्छता बनाए रखें ताकि मक्खियां भोजन पर न बैठें।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *