जसवंतनगर। रेलमंडी मोहल्ले में डेंगू का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। अब सभासद राजीव यादव के परिवार के दो सदस्य भी संक्रमण की चपेट में आ गए हैं। उनकी पत्नी व पूर्व सभासद ममता यादव और बेटी चारु यादव की तबीयत बिगड़ने पर परिजन ने उन्हें इटावा के बंसल नर्सिंग होम में भर्ती कराया है। दोनों का उपचार चल रहा है।

परिवार के दो सदस्यों के डेंगू संक्रमित होने के बाद सभासद राजीव यादव ने नगर पालिका प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि मोहल्ले में नियमित साफ-सफाई नहीं हो रही है। एंटी लार्वा दवा का छिड़काव और फॉगिंग भी पर्याप्त रूप से नहीं कराई जा रही है। इससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है और लोग डेंगू व मलेरिया जैसी बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं।

उन्होंने नगर पालिका और स्वास्थ्य विभाग से नगर के सभी मोहल्लों में नियमित सफाई कराने, फॉगिंग मशीन चलाने और एंटी लार्वा दवा का छिड़काव कराने की मांग की है। सभासद ने कहा कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। उन्होंने जनहित में विशेष अभियान चलाकर लोगों को संक्रामक बीमारियों से बचाने की अपील की है।



Source link