इटावा। इकदिल के चितभवन गांव में शनिवार दोपहर बारिश में दोस्तों के साथ तालाब में नहाने गए पूर्व प्रधान के पौत्र की डूबने से मौत हो गई। वह कक्षा दस का छात्र था और परिवार का इकलौता बेटा था। शनिवार सुबह ही स्कूल की अभिभावक संगोष्ठी में टेस्ट में 95 प्रतिशत अंक आने पर शिक्षकों ने उसे सम्मानित किया था। दोपहर में हुए हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया।
चितभवन गांव निवासी सौरभ त्रिपाठी शहर की एक निजी वाहन कंपनी में नौकरी करने के साथ खेती-बाड़ी करते हैं। उनका इकलौता पुत्र अंश उर्फ कृष्णा (15) शहर के मंडी रोड स्थित एक निजी स्कूल में कक्षा 10 में पढ़ता था। शनिवार सुबह स्कूल में अभिभावक गोष्ठी थी। सौरभ बेटे को स्कूल छोड़ने गए थे। वहां शिक्षकों ने स्कूल टेस्ट में 95 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर अंश को सम्मानित किया था। बेटे की सफलता से परिवार बेहद खुश था।
दोपहर करीब एक बजे स्कूल से घर लौटने के बाद अंश गांव के पांच बच्चों के साथ बारिश में नहाने के लिए घर से करीब 400 मीटर दूर ग्राम पंचायत के तालाब पर पहुंच गया। लगातार बारिश के चलते तालाब पानी से लबालब भरा था। सामान्य दिनों में तालाब अधिक गहरा नहीं रहता था, लेकिन बारिश के कारण पानी का स्तर काफी बढ़ गया था। बच्चों के साथ तालाब में नहाते समय अंश अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
उसके साथ मौजूद साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी अधिक होने के कारण सफल नहीं हो सके। अंश को डूबता देख साथियों ने गांव पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिवार के लोग और ग्रामीण तुरंत तालाब पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तैराक युवकों की मदद से तालाब में अंश की तलाश शुरू की। करीब आधे घंटे तक तलाश करने के बाद तैराक युवकों ने तालाब के बीचोंबीच से अंश को बाहर निकाला। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टर सौरभ गुप्ता ने जांच के बाद अंश को मृत घोषित कर दिया।
इकलौते बेटे की मौत की जानकारी मिलते ही पिता सौरभ समेत परिवार के लोग अस्पताल पहुंच गए। मां सपना देवी समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अंश पूर्व प्रधान मंजू त्रिपाठी के बड़े भाई प्रबल किशोर का पौत्र था। प्रबल किशोर ने बताया कि वह तीन भाई हैं। उनमें अंश इकलौता पौत्र था।
फोटो 15 जिला अस्पताल में घटना की जानकारी देते अंश के बाबा प्रबल किशोर। संवाद
जन्मदिन के 17 दिन बाद हुआ हादसा
अंश के बाबा पूर्व प्रधान प्रबल किशोर ने बताया कि वह परिवार का इकलौता बेटा था, उसकी एक छोटी बहन परी है। पिछले माह 22 जुलाई को ही अंश का 15 वां जन्मदिन मनाया था। अंश पढ़ाई में काफी होशियार था। शनिवार सुबह स्कूल में 95 प्रतिशत अंक आने पर उसका सम्मान हुआ था। परिजनों ने बताया कि तालाब सामान्य दिनों में ज्यादा गहरा नहीं था, लेकिन लगातार बारिश के कारण उसमें पानी काफी बढ़ गया था। इसी वजह से अंश अचानक गहरे पानी में चला गया और बाहर नहीं निकल सका।
