फोटो 13: फूलचंद्र की फाइल फोटो। स्रोत परिजन
गुमशुदगी दर्ज कराने थाने पहुंचे तभी शव मिलने की मिली सूचना
शुक्रवार को पत्नी को नहर किनारे मिली थीं चप्पल
संवाद न्यूज एजेंसी
इकदिल। दो दिन से लापता चल रहे वृद्ध पुजारी का शव शनिवार को थाना क्षेत्र के पिलखर नहर पुल के पास पानी में उतराता मिला। शव मिलने की सूचना से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। नहर किनारे बकरी चरा रहे ग्रामीणों ने शव को पानी में बहते देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया। आसपास के लोगों से पहचान कराने के बाद शव की शिनाख्त फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के लोकासई निवासी फूलचंद्र (59) के रूप में हुई। सूचना पर पहुंचे उनके छोटे बेटे गिरेंद्र ने शव की पहचान अपने पिता के रूप में की।
गिरेंद्र ने बताया कि उनके पिता गांव के पास नहर किनारे स्थित हनुमानजी मंदिर में पूजा-पाठ करते थे। इसके साथ ही वह झाड़फूंक का काम भी करते थे। तीन सितंबर की रात से वह घर नहीं लौटे थे। शुक्रवार सुबह मां को नहर के पास उनकी चप्पलें मिली थीं। इसके बाद से परिवार के लोग उनकी तलाश में जुटे थे। परिजनों को यह भी पता था कि झाड़फूंक के काम के चलते फूलचंद्र अक्सर आसपास के क्षेत्रों में चले जाते थे, इसलिए उन्हें उम्मीद थी कि वह वापस घर लौट आएंगे।
शनिवार सुबह परिजन लखना नहर तक उनकी तलाश करते हुए पहुंचे, लेकिन वहां उनका कोई पता नहीं चला। इसके बाद फ्रेंड्स कॉलोनी थाने पहुंचकर गुमशुदगी दर्ज कराने के लिए प्रार्थनापत्र लिख रहे थे। इसी दौरान गांव के एक युवक ने गिरेंद्र को फोन कर बताया कि पिलखर नहर पुल के पास एक शव मिला है। जानकारी मिलते ही गिरेंद्र मौके पर पहुंचा और शव की पहचान अपने पिता के रूप में की। गिरेंद्र ने पिता की मौत को लेकर अनहोनी की आशंका जताई है। फूलचंद्र के परिवार में छह बेटे और तीन बेटियां हैं। उनकी मौत की खबर से पत्नी शशि देवी समेत बेटे-बेटियों और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।
