उरई। शहर के मलंगा नाले में जलभराव की समस्या को लेकर प्रशासन ने गंभीरता दिखाई है। लगातार बारिश के बाद नाले का जलस्तर बढ़ने से कई इलाकों में जलभराव हो गया था। शनिवार को जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को नाले में कई स्थानों पर कचरा फंसा मिला। इस कचरे से पानी के बहाव में गंभीर रुकावट आ रही थी। डीएम ने पालिका के अधिशासी अधिकारी को नाले की सफाई के वक्त जलनिकासी में आने वाली बाधाओं को तुरंत हटाने को कहा। डीएम ने कहा कि बारिश के दौरान नाले में पानी का प्रवाह किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होना चाहिए। मलंगा नाले के आसपास अतिक्रमण और अवैध निर्माण से जलप्रवाह प्रभावित होने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इन शिकायतों को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है।
इन शिकायतों को देखते हुए जिलाधिकारी ने एक संयुक्त टीम गठित करने का निर्देश दिया है। यह टीम सिंचाई विभाग और नगर पालिका के अधिकारियों से मिलकर बनेगी। टीम नाले के कैचमेंट क्षेत्र का चिह्नांकन करेगी। जांच में यदि कोई अवैध कब्जा या निर्माण सामने आता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जलनिकासी में बाधा डालने वाला निर्माण पाए जाने पर भी संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।