इटावा। धनतेरस पर शहर के मुख्य बाजारों में सुबह से लेकर देर शाम तक खरीदारों की भीड़ रही। मुख्य चौराहे से लेकर शास्त्री चौराहा, नौरंगाबाद और होमगंज तक दुकानें पूरी तरह से सजकर तैयार थीं। लोगों ने परंपरा के अनुसार गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियां, खील-खिलौने, दीपक और पूजा की सामग्री खरीदने को लोगों की भीड़ लगी रही।
शुक्रवार को धनतेरस पर शहर के बाजारों में सुबह से लेकर शाम तक रौनक दिखाई दी। धनतेरस पर शाम ढलते ही पूरा शहर रंग-बिरंगी झालरों से सजी दुकानें पर अलग ही रौनक दिखाई पड़ रही थी। दुकानदारों ने भी ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए अपनी दुकानों के सामने आकर्षक सजावट कर रखी थी। परिवारों के साथ आए लोगों ने पूजन सामग्री के साथ-साथ गृहस्थी के सामान, तांबे और पीतल के बर्तन तथा सजावटी सामान की जमकर खरीदारी की।
दिवाली पूजन के लिए हर किसी की पहली पसंद पारंपरिक मिट्टी की गढ़ी हुई लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाएं और मिट्टी के दीये रहे। इसके साथ ही खील-खिलौने और बताशों पर भी खरीदारों की की भीड़ रही। इस बार स्वदेशी और फैंसी एलईडी झालरों, वॉटर-सेंसर दियो, और फ्लावर लाइट्स की अत्यधिक मांग रही। लोगों ने अपने घरों को सजाने के लिए तरह-तरह के डिजाइनदार इलेक्ट्रॉनिक्स लाइट उत्पादों को प्राथमिकता दी।