इटावा। जनपद के खिलाड़ियों ने खेल के क्षेत्र में एक और उपलब्धि हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। स्पेशल ओलंपिक्स भारत के तत्वावधान में 20 से 24 नवंबर तक चंडीगढ़ में आयोजित होने वाली नेशनल फ्लोरबॉल चैंपियनशिप के लिए इटावा के दो खिलाड़ियों श्लोक और जीतू का चयन उत्तर प्रदेश की टीम में हुआ है। इनके साथ पार्टनर के रूप में विष्णु और रवि का भी चयन किया गया है।

राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ी उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता में अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक सत्यनारायण प्रसाद भी शामिल रहेंगे। वहीं, खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और मार्गदर्शन देने के लिए बढ़पुरा ब्लॉक के विक्रमपुर में तैनात अनुदेशक वेद प्रकाश का चयन कोच के रूप में किया गया है।

इस उपलब्धि पर जिला समन्वयक समेकित शिक्षा अर्चना सिन्हा ने सभी चयनित खिलाड़ियों और कोच को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई। जिले से चार प्रतिभागियों और एक कोच का राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन होने पर खेल जगत में खुशी का माहौल है।



Source link