इटावा। शहर के पक्का बाग इलाके में बुधवार को पांच सौ रुपये देने से मना करने पर दो युवकों ने पिस्टल से तीन राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगने से बीमा कंपनी में काम करने वाला युवक और उसका परिचित घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। एसपी सिटी ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से घटना की जानकारी ली। पुलिस आरोपियों की तलाश के साथ ही मामले की जांच कर रही है।

दुर्गा कॉलोनी पक्का बाग निवासी चंदन शुक्ला (28) बीमा कंपनी में काम करते हैं। चंदन ने बताया कि बुधवार को वह चेक जमा करने के लिए पक्का बाग स्थित बैंक गए थे। बैंक का काम पूरा करने के बाद वह सुमन विद्या पीठ स्कूल के सामने इकदिल क्षेत्र के कल्याणपुर निवासी अरविंद राजपूत (50) जोकि किसान हैं और वासु चौधरी के साथ खड़े थे। इसी दौरान एक कार से चार लोग वहां पहुंचे। आरोप है कि कार सवार एक युवक ने चंदन से पांच सौ रुपये रंगदारी मांगी।

रुपये देने से मना करने पर करन ने पिस्टल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। आरोप है कि पिस्टल से तीन राउंड गोलियां चलाई गईं। इसमें चंदन और अरविंद के पैर में गोली लग गई। दोनों लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। फायरिंग होते ही आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। चंदन ने बताया कि दोनों आरोपियों से पहले से जान-पहचान है, लेकिन किसी तरह की पुरानी रंजिश नहीं है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।

एसपी सिटी बबीता सिंह ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से घटना की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि करन पर गोली मारने का आरोप लगाया गया है और तीन राउंड फायरिंग की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फायरिंग की वजह और आरोपों की पुष्टि के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *