जसवंतनगर। बंबा में पानी ओवरफ्लो होने से करीब 12 से किसानों की करीब 350 बीघा धान की फसल जलमग्न हो गई। किसानों का आरोप है कि सिरहोल, जगसोरा और पचपेड़ा के पास बंबा की पुलिया कूड़े-कचरे के कारण अवरुद्ध है। इससे पानी आगे नहीं निकल पा रहा है। जलभराव से धान की खड़ी फसल खराब होने की आशंका है।
शनिवार को किसानों ने उप जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपा। किसानों ने आरोप लगाया कि बंबा में मानक से अधिक पानी छोड़े जाने के कारण खेतों में लगातार जलभराव हो रहा है। वहीं, पुलिया की सफाई न होने से पानी की निकासी बाधित है। किसानों के मुताबिक कई खेतों में पानी कई दिनों से भरा है। इससे धान की फसल खराब होने लगी है। यदि जल्द पानी की निकासी नहीं कराई गई तो पूरी फसल बर्बाद होने की आशंका है। किसानों ने बंबा की तत्काल सफाई कराने, पानी की निकासी की व्यवस्था कराने और प्रभावित खेतों का सर्वे कराकर नुकसान का आकलन कराने की मांग की है। फसल बर्बाद होने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। किसान जितेंद्र पाल सिंह, महेंद्र प्रताप, एहबरन सिंह, धीरेंद्र बाबू, इंद्रबती, कमलेश, राकेश कुमार, शिवमंगल सिंह, विनोद कुमार, महेश चंद्र, रविशंकर, भारत सिंह, नेत्रपाल, अवनीश कुमार, सतेंद्र पाल सिंह और रामरतन आदि ने फसल का सर्वे करवाकर आर्थिक मुआवजा दिलाने की मांग की है। एसडीएम जसवंतनगर ने बताया कि रविवार सुबह टीम भेजकर मौके पर जांच-पड़ताल कराई जाएगी। अवरुद्ध बंबा की सफाई करवाई जाएगी।
