चकरनगर। सहसों थाना क्षेत्र के चंद्रहंसपुरा गांव के पास फूप-चौरेला मार्ग पर बृहस्पतिवार देर शाम करीब छह बजे खेत पर जा रहे किसान से बाइक सवार दो किशोर टकरा गए। हादसे में किसान समेत तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को सीएचसी पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
रानीपुरा निवासी रौनक (15) पुत्र देशराज और विशेष (17) पुत्र संतोष बृहस्पतिवार को हनुमंतपुरा चौराहे से दिवाली का बाजार कर बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक चंद्रहंसपुरा गांव के पास पहुंची, तभी खेत में फसल की रखवाली करने जा रहे किसान अजगर सिंह (55) अचानक सामने आ गए। इससे बाइक अनियंत्रित होकर किसान से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि किसान अजगर सिंह समेत दोनों किशोर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में किसान का पैर टूट गया और नाक से खून निकलने लगा। वहीं बाइक सवार एक किशोर का भी पैर टूट गया। दूसरा किशोर भी गंभीर घायल हुआ है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। इंचार्ज प्रभारी निरीक्षक अनुज अवस्थी ने बताया घायलों को अस्पताल भेजा गया है। हादसे की जांच की जा रही है।(संवाद)

