इटावा। आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे पर वैशाली कॉलोनी के पास बुधवार शाम तेज रफ्तार बेकाबू कार ने बाइक और स्कूटी में टक्कर मारने के बाद डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार किसान की मौत हो गई और स्कूटी सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक मौका पाकर भाग गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।


भरथना के झिंदुआ गांव निवासी मनीष यादव (35) खेतीबाड़ी करते थे। बुधवार को उनकी धान की फसल में कीड़ा लगने की जानकारी हुई थी। इसके लिए वह बाइक से कीटनाशक दवा लेने जसवंतनगर गए थे। दवा लेकर वापस लौटते समय आगरा-कानपुर हाईवे पर वैशाली कॉलोनी के पास उनकी बाइक को तेज रफ्तार कार ने पीछे से टक्कर मार दी। इसी दौरान कार ने पास से गुजर रही स्कूटी को भी चपेट में ले लिया और अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में मनीष और पाल कॉलोनी आईटीआई निवासी ऋतिक कुमार (27) गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने दोनों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने मनीष को मृत घोषित कर दिया। ऋतिक की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई रेफर कर दिया गया। मनीष दो भाइयों में बड़े थे। उनके परिवार में पत्नी रंजना यादव और करीब साढ़े तीन वर्ष की बेटी है। छोटे भाई अवनीश बिजली विभाग में संविदा पर मैनपुरी के करहल में कार्यरत हैं। मनीष की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस कार चालक की तलाश कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर हादसे की जांच में जुटी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *