इटावा। शहर के मोहल्ला कटरा शमशेर खां में मेहरा चुंगी चौराहे के पास रहने वाले देशी शराब ठेका संचालक पवन तिवारी (42) की बीमारी के चलते बुधवार रात मौत हो गई थी। गुरुवार को अंतिम संस्कार के दौरान बेटे की मौत के सदमे में मां सरला देवी (70) ने भी दम तोड़ दिया। दो मौतों से पैतृक गांव महेवा के आनेपुर में शोक की लहर दौड़ गई।
पवन तिवारी पिछले कुछ समय से पेट की बीमारी से ग्रसित थे। बुधवार रात उनकी हालत बिगड़ गई और मौत हो गई। गुरुवार को परिजन अंतिम संस्कार के लिए गए थे। अंतिम संस्कार के बाद परिवार घर पहुंचा तो पवन की मां सरला देवी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने उन्हें संभाला, लेकिन कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। परिजनों ने हृदय गति रुकने से मौत होने की बात बताई है। पवन तिवारी महेवा के लोकमान्य रूरल इंटर कॉलेज के पूर्व प्रवक्ता रामशंकर तिवारी उर्फ दादा के पौत्र थे। वह तीन भाइयों में मझले थे। उनके बड़े भाई पीयूष तिवारी और छोटे भाई मोनू तिवारी हैं। पवन अपने पीछे पत्नी बीनू, दो पुत्र सागर और सोम समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। मां-बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।(संवाद)
