इटावा। सर्दी का मौसम शुरू होते ही परिवहन निगम के इटावा डिपो की परिवहन व्यवस्था चरमराने लगी है। डिपो के बेड़े में शामिल करीब 15 फीसदी बसें तकनीकी रूप से जवाब दे चुकी हैं।
हालात इतने बदतर हैं कि सर्दियों में सुबह के समय डिपो परिसर से बसों को बाहर निकालने के लिए चालकों, परिचालकों को पसीना बहाते हुए धक्का लगाना पड़ रहा है। बिना धक्का मारे कई बसें स्टार्ट ही नहीं हो पा रही हैं। वहीं, कई बसें यात्रियों को लेकर निकलने के बाद बीच रास्ते में ही खड़ी हो जाती हैं।
इटावा डिपो में कुल 94 बसें हैं। तापमान में गिरावट आते ही पुरानी और खस्ताहाल हो चुकी 15 फीसदी बसों की बैटरियां और सेल्फ जवाब देने लगे हैं। डिपो की कार्यशाला में समय पर मरम्मत और बैटरी बदलने का काम न होने से यह समस्या और गंभीर हो गई है।
———-
स्टार्ट नहीं हुई बस, लगाना पड़ा धक्का
गाड़ी संख्या 75 एटी 0873 सैफई डिपो की बस स्टैंड पर खड़ी थी। बस चालक ने करीब 15 मिनट तक गाड़ी स्टार्ट प्रयास करने का प्रयास किया लेकिन वह सफल नहीं हुआ। इसके बाद चालक ने परिचालक व बस स्टैंड पर मैनपुरी जाने का इंतजार कर रहीं कुछ पुरुष सवारियों को बुलाकर गाड़ी में धक्का लगवाया। करीब पांच मिनट प्रयास के बाद बस स्टार्ट हुई। इसके बाद सवारियों को बस में बैठाया गया। कुछ देर बाद बस गंतव्य के लिए रवाना हो गई।
———
सफर के दौरान बढ़ी यात्रियों की मुसीबत
धक्का लगाकर स्टार्ट की गईं ये बसें रास्ते में भी भरोसेमंद साबित नहीं हो रहीं। कानपुर, आगरा, मैनपुरी, औरैया और स्थानीय ग्रामीण रूटों पर चलने वाली कई बसें अचानक बीच रास्ते में बंद हो जाती हैं। सुनसान या हाईवे के किनारे बस खराब होने से यात्रियों को सर्दी में परेशानी उठानी पड़ती है। गंतव्य तक समय पर पहुंचने के लिए यात्रियों को दूसरी बसों का इंतजार करना पड़ता है या निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ता है, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी पड़ रहा है। आए दिन बसों के खराब होने से रोडवेज के चालक और परिचालक भी खासे परेशान हैं।
———
कार्यशाला में मरम्मत का कार्य निजी कंपनी देख रही है। जिन बसों में बैटरी व सेल्फ खराब हैं, उन्हें जल्द बदलने के निर्देश दिए गए हैं। यह काम एक सप्ताह में पूर्ण कर लिया जाएगा। यात्रियों की सुरक्षा व सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
-अमित कुमार, एआरएम इटावा डिपो।
