Mainpuri News: कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम हुसैनपुर में रविवार सुबह करीब 8:30 बजे आटा चक्की में अचानक विस्फोट हो गया। तेज धमाके के साथ चक्की का पत्थर टूटकर टुकड़ों में बिखर गया। इसकी चपेट में आकर चक्की के पास खड़े पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां तीन वर्षीय मासूम की हालत गंभीर होने पर सैफई पीजीआई रेफर कर दिया गया। ग्राम हुसैनपुर निवासी निवासी शब्बीर आटा चक्की चलाते हैं। सुबह उन्होंने गांव के ही 30 वर्षीय शमशाद पुत्र इकलाख को चक्की चलाने के लिए बुलाया था। शमशाद घर पर खाना खाने के बाद चक्की पर पहुंचे और आटा पीसना शुरू किया।
करीब 15 से 20 मिनट बाद चक्की गर्म हो गई और अचानक तेज धमाके के साथ फट गई। चक्की का पत्थर टूटकर आसपास बिखर गया। जिसकी चपेट में आकर वहां मौजूद ग्रावमासी तीन वर्षीय प्रियांशु पुत्र रिंकू, रशीदा पत्नी शब्बीर, शमशाद सहित पांच लोग घायल हो गए। चक्की फटने की तेज धमाके के साथ आवाज हुई तो आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां तीन वर्षीय प्रियांशु की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे सैफई पीजीआई रेफर कर दिया। अन्य घायलों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
