चकरनगर। सहसों चंबल नदी पर बने पुल की लंबे समय से खराब सड़क की मरम्मत का कार्य लोक निर्माण विभाग ने शुरू करा दिया है। पुल की सड़क पर बने गड्ढों में सीमेंट-मसाला डालकर काम मंगलवार से शुरू किया गया। कई महीनों से क्षतिग्रस्त सड़क से गुजरने वाले राहगीरों को आवागमन में बड़ी दिक्कतें हो रही थीं।

सहसों चंबल पुल पर पिछले छह माह से कई स्थानों पर सड़क की ऊपरी परत उखड़ गई थी। इसके साथ ही सड़क पर गहरे गड्ढे भी बन गए थे। पुल से प्रतिदिन बड़ी संख्या में दोपहिया, चार पहिया और भारी वाहन गुजरते हैं। इन गड्ढों के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी हो रही थी। खासकर रात के समय दुर्घटना का खतरा लगातार बना रहता था। स्थानीय लोग कई महीनों से पुल के बीच सड़क की मरम्मत की मांग कर रहे थे। मंगलवार को पुल पर क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत का काम आखिरकार शुरू हो गया।

क्षेत्र के राजेश यादव, अरविंद तिवारी, नागेंद्र पाल, विनोद राजावत, लल्लू पोरवाल और मान सिंह कुशवाहा जैसे स्थानीय लोगों ने पुल को एक महत्वपूर्ण मार्ग बताया। उनका कहना था कि सड़क खराब होने से आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो रहा था। कई महीनों से वे पुल की मरम्मत की लगातार मांग कर रहे थे। अब मरम्मत कार्य शुरू होने से छोटे और बड़े सभी वाहन सवारों को बड़ी राहत मिलेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *