Dispute arises over demand for wage payment; laborer found dead on a cot the next day

फोटो 36:: संजय जाटव। फाइल फोटो

इटावा। बकेवर थाना क्षेत्र के नगला परसे गांव में मजदूर की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सोमवार सुबह मां जगाने पहुंची तो वह चारपाई पर मृत मिला। परिजन ने मजदूरी के रुपये मांगने को लेकर गांव के तीन सगे भाइयों पर पीटने और पिटाई के चलते मौत होने का आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस के अनुसार ग्रामीणों ने मजदूर के अत्यधिक शराब पीने का आदी होने और नशे में सड़क पर गिरने की जानकारी हुई है।


नगला परसे निवासी संजय जाटव (48) मजदूरी करता था। पिछले चार दिनों से वह गांव के ही तीन भाइयों के यहां मकान निर्माण में काम कर रहा था। परिजन के मुताबिक मजदूरी के रुपये मांगने को लेकर उसका विवाद हुआ था। रात करीब 11 बजे कुछ लोग उसे घर छोड़कर गए थे। सोमवार सुबह करीब आठ बजे मां श्रीवती देवी उसे जगाने पहुंचीं तो वह चारपाई पर बेसुध पड़ा था। हिलाने-डुलाने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद छोटे भाई मुकेश ने सुबह करीब 10 बजे डायल 112 पर सूचना दी।

मुकेश और सर्वेश ने आरोप लगाया कि संजय के साथ मारपीट की गई थी, जिससे आई चोटों के कारण उसकी मौत हुई है। उन्होंने बताया कि घटना के समय दोनों भाई बहन के यहां गए हुए थे। थाना प्रभारी विपिन मलिक ने बताया कि मुकेश की सूचना पर फौती दर्ज कर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की।

ग्रामीणों के अनुसार संजय अत्यधिक शराब पीने का आदी था। 14 नवंबर की रात नशे की हालत में वह गांव में घूमते हुए सोनू उर्फ महेंद्र और मोनू के घर के बाहर सड़क पर गिर गया था। दोनों उसे घर छोड़कर आए थे। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा।



Source link