= बेटी होने पर अपनाने से किया इनकार, तलाक की धमकी, पति और ससुर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट की पत्नी ने पीएसी में तैनात दरोगा दामाद और समधी पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है। शादी में करीब 40 लाख रुपये खर्च करने के बावजूद ससुराल पक्ष 10 लाख रुपये नकद और सोने की जंजीर की अतिरिक्त मांग करने लगा। मांग पूरी न होने पर गर्भवती बेटी को घर से निकाल दिया। प्रसव के बाद बेटी होने पर पति ने उसे अपनाने से इनकार कर दिया और तलाक की धमकी दी। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने पति और ससुर के खिलाफ दहेज अधिनियम की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अड्डा पल्टू सुंदरपुर रोड निवासी शशि प्रभा ने फ्रेंड्स कॉलोनी थाने में दी तहरीर में बताया कि उनकी बेटी प्रियांशी की शादी 28 मई 2025 को बरेली निवासी सुरजीत सिंह से हुई थी। सुरजीत सिंह वर्तमान में 28 वीं पीएसी बटालियन में उपनिरीक्षक है। शादी में करीब 40 लाख रुपये खर्च किए गए। इसमें 10 लाख रुपये पति के खाते में भेजने के साथ ही नकदी, गृहस्थी का सामान, कार, सोने की छह अंगूठियां और करीब ढाई तोले की सोने की जंजीर दी गई।
ससुराल पहुंचने के बाद ही प्रियांशी से 10 लाख रुपये और एक सोने की जंजीर अतिरिक्त दहेज में लाने का दबाव बनाया जाने लगा। ससुराल पक्ष कहता था कि उसके पिता विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट हैं और उनके पास पैसे की कमी नहीं है। परिजनों ने आर्थिक स्थिति ठीक होने पर मांग पूरी करने की बात कही, जिसके बाद कुछ समय तक प्रियांशी ससुराल में रही। गर्भवती होने के बाद चार अप्रैल को उसका स्त्रीधन रखकर उसे घर से निकाल दिया। इसके बाद भी फोन पर मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप है।
10 जुलाई को सैफई आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय में प्रियांशी ने बेटी को जन्म दिया। पति अस्पताल पहुंचा और बेटी पैदा होने पर नाराजगी जताते हुए कहा कि उसे बेटा चाहिए था। साथ ही पत्नी को वापस न रखने और ज्यादा दबाव बनाने पर तलाक देने की धमकी देकर चला गया। बेटी के जन्म की सूचना देने के बावजूद ससुराल पक्ष न अस्पताल पहुंचा और न ही कोई खर्च दिया। बाद में परिवार ने समझौते का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने 10 लाख रुपये और सोने की जंजीर की मांग दोहराते हुए प्रियांशी को साथ रखने से इनकार कर दिया।
पति ने पुलिस में दरोगा होने का हवाला देते हुए धमकी भी दी। थाना प्रभारी अमित मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति सुरजीत सिंह और ससुर नवल सिंह के खिलाफ दहेज अधिनियम की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।
