इटावा। स्टेशन बजरिया में महिला सिपाही का ई-रिक्शा चालक से बहस और मारपीट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में महिला सिपाही आसपास के दुकानदारों से भी अभद्रता करती दिख रहीं है। सिपाही की वर्तमान तैनाती कहां है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। हालांकि, वायरल वीडियो की पुष्टि संवाद न्यूज एजेंसी नहीं करती है।
वायरल वीडियो स्टेशन बजरिया स्थित मेडिकल स्टोर के सामने का बताया जा रहा है। स्थानीय दुकानदारों के अनुसार महिला सिपाही ने ई-रिक्शा चालक से उसे छोड़ने के लिए कहा था। चालक के मना करने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि महिला सिपाही ने चालक से अभद्रता करते हुए मारपीट शुरू कर दी। दुकानदारों ने विरोध किया तो उनसे भी कथित तौर पर अभद्रता की गई। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बनाना शुरू किया तो महिला सिपाही उनसे भी उलझ गई। वीडियो में वह सिगरेट, तंबाकू और चाय की दुकान में घुसकर दुकानदार से अभद्रता और देख लेने की धमकी देती दिखाई दे रही है। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। कुछ लोगों ने महिला सिपाही के पहले भी वीडियो वायरल होने का दावा किया है। एक वीडियो में कानपुर में कार सवार परिवार से अभद्रता का दावा किया जा रहा है। वायरल वीडियो में नेम प्लेट पर निधि श्रीवास्तव नाम दिखाई दे रहा है। दुकानदारों ने महिला सिपाही के नशे में होने का आरोप भी लगाया है। प्रभारी निरीक्षक केके मिश्रा ने बताया कि वीडियो की जांच की जा रही है। सिपाही की पहचान और तैनाती की पुष्टि के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
