इटावा। त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की। टीम ने चार स्थानों से कुल सात खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे। इस दौरान 300 लीटर सरसों का तेल, 600 लीटर सोया रिफाइंड और 68 किलो मिर्च पाउडर सीज किया गया।


मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि ताखा तहसील स्थित भारतीय कोठी से सरसों के तेल और सोया रिफाइंड के दो नमूने लिए गए। यहां से 300 लीटर सरसों का तेल और 600 लीटर सोया रिफाइंड सीज किया गया। इसी क्रम में शहर से मिठाई और गट्टा मिठाई के दो नमूने संग्रहित किए गए। वहीं गाड़ीपुरा स्थित एक प्रतिष्ठान से मिर्च पाउडर का एक नमूना लिया गया। यहां 68 किलो मिर्च पाउडर सीज किया गया।

मंडी होमगंज स्थित एक किराना स्टोर से मिर्च पाउडर और हल्दी पाउडर के दो नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि सभी सात नमूनों को प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link