Lucknow: Allegations of religious conversion under the guise of a prayer meeting

लखनऊ में धर्मांतरण।
– फोटो : amar ujala

विस्तार

लखनऊ के राजाजीपुरम के डी ब्लॉक स्थित रत्नम आई हॉस्पिटल के पास एक मकान में चंगाई सभा की आड़ में धर्मांतरण कराने का आरोप लगा है। सूचना पर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। आरोप है कि वहां चल रही चंगाई सभा में लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा था। विरोध करने पर कार्यकर्ताओं को बाहर निकाल दिया गया। सूचना पर पहुंची तालकटोरा पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई। बजरंग दल के जिला सह-संयोजक अनुज शर्मा ने मामले में थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


अनुज शर्मा के मुताबिक, मकान एक पुलिसकर्मी का है। कुछ समय पहले एक फादर और उनके बेटे ने मकान किराये पर लिया था। मकान के अगले हिस्से में निजी क्लीनिक चलती है, जबकि पीछे बने बड़े हॉल में प्रार्थना सभा आयोजित की जा रही थी। आरोप है कि उन्हें शिकायत मिली थी कि उक्त लोग मकान में धर्मांतरण करा रहे हैं। रविवार को करीब 120 लोगों का सामूहिक रूप से धर्मांतरण कराने की तैयारी थी। शिकायत मिलने पर वह सुबह 10 बजे कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे। देखते ही देखते वहां हंगामा शुरू हो गया। इस बीच तालकटोरा पुलिस भी पहुंच गई। अनुज शर्मा का आरोप है कि एक दरोगा ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया और विरोध करने पर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की धमकी दी।

विरोध पर हाथापाई और मोबाइल छीनने का आरोप

अनुज शर्मा ने बताया कि इसी बीच संगठन की एक महिला कार्यकर्ता ने भीतर जाकर देखा तो वहां बड़ी संख्या में महिला-पुरुष और बच्चे प्रार्थना करते मिले। उनका आरोप है कि वहां मौजूद लोग हिंदू देवी-देवताओं का अपमान कर रहे थे। इसका विरोध करने पर कार्यकर्ताओं के साथ हाथापाई की गई और उनका मोबाइल छीनने का प्रयास किया गया। मामले की जानकारी मिलने पर संगठन के अन्य कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने कुछ लोगों को सामने के दरवाजे से तो कुछ को पीछे के गेट से बाहर निकलवा दिया।

पुलिस बोली, तहरीर मिली है, जांच की जा रही है

इंस्पेक्टर कुलदीप दुबे ने बताया कि दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। जानकारी करने पर पता चला कि मकान में किराये पर रह रहे तमिलनाडु के रामनाथपुरम निवासी फादर अपने आवास पर आसपास के कुछ लोगों के साथ चंगाई सभा का आयोजन करते हैं। इसकी जानकारी मिलने पर हिंदू संगठन के लोग मौके पर पहुंच गए। आयोजन को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। इंस्पेक्टर ने बताया कि दोनों पक्षों को थाने लाकर पूछताछ की गई है। हिंदू संगठन की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।



Source link

अभी अभी की खबरें