फतेहपुर। खागा कस्बे के पूर्वी बाईपास स्थित राजपूत नगर (आजाद नगर) में चोरों ने तीन मंजिला मकान के दो फ्लैटों के ताले तोड़कर चोर एसी, गैस सिलिंडर, कीमती बर्तन और अन्य घरेलू सामान चोरी कर ले गए। शिकायत पर पुलिस ने पहुंचकर जांच की। पुलिस ने शुक्रवार को चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
खागा के चौक चौराहा निवासी प्रशांत केसरवानी का राजपूत नगर में तीन मंजिला मकान है। इसके भूतल पर गोदाम और प्रथम तल पर दो फ्लैट बने हैं। इनमें से एक फ्लैट में नेशनल हाईवे पर स्ट्रीट लाइट लगाने वाले कर्मचारी किराये पर रहते हैं, जबकि दूसरा फ्लैट निजी इस्तेमाल के लिए बंद था।
प्रशांत के मुताबिक, 30 अक्तूबर को किरायेदार ने फोन कर मकान में चोरी होने की जानकारी दी। अगले दिन वह मकान पर पहुंचे तो दोनों फ्लैटों के ताले टूटे मिले। बंद फ्लैट से दीवार पर लगा एसी, गैस सिलिंडर, कीमती बर्तन और अन्य घरेलू सामान गायब था।
किरायेदार के फ्लैट को भी चोरों ने निशाना बनाया और वहां से सामान चोरी कर लिया। कोतवाली प्रभारी संजय कुमार पांडेय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

