जसवंतनगर। रामलीला महोत्सव के तहत शनिवार शाम आयोजित विराट कवि सम्मेलन में देशभर से आए नामचीन कवियों और शायरों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। किसी ने देश की सांस्कृतिक एकता का बखान किया तो किसी ने हास्य-व्यंग्य से लोगों को गुदगुदाया। प्रेम, सामाजिक सौहार्द और देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों पर श्रोताओं ने जमकर तालियां बजाईं। देर रात तक चले कवि सम्मेलन में पंडाल श्रोताओं से खचाखच भरा रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ सपा के राष्ट्रीय महासचिव और जसवंतनगर विधायक शिवपाल सिंह यादव ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। कवि सम्मेलन की शुरुआत इटावा के कवि मयंक बिधौलिया ने ओजपूर्ण कविता से की। उन्होंने कहा, आपकी काली करतूत से हर हिंदू का दिल टूटा है, गजनी ने लूटा सोमनाथ को, तुमने रामलला को लूटा है… उनकी इन पंक्तियों पर पंडाल तालियों से गूंज उठा।

उज्जैन से आए हास्य कवि दिनेश देसी घी ने भारतीय संस्कृति और एकता का गुणगान करते हुए कहा, बखान करूं क्या भारत मां का, गुणगान करूं क्या भारत मां का, मेरी भारत माटी का अंदाज ही निराला है, हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सबको अपने आंचल में पाला है… उनकी प्रस्तुति को श्रोताओं ने खूब सराहा। अलीगढ़ से आईं शायरा मुमताज नसीम ने प्रेम और जिंदगी की उलझनों को शायराना अंदाज में पेश किया। उन्होंने कहा, मुझको मालूम है यह काम होने से रहा, जिंदगी में मुझे आराम तो होने से रहा…।

वहीं यश भारती सम्मान से सम्मानित डॉ. विष्णु सक्सेना ने जीवन में प्रेम और सफलता के साथ जमीन से जुड़े रहने का संदेश दिया। उनकी पंक्तियां जब भी छू लो बुलंदियों को ध्यान से रखना, जमीन से पांव का रिश्ता न टूटने पाए… खूब सराही गईं। मेरठ से आईं शायरा हिमांशी बावरा ने दिल ऐसा मुब्तिला हुआ तेरे मलाल में, जुल्फें सफेद हो गईं उन्नीस साल में… सुनाकर वाहवाही बटोरी।

पलवल-दिल्ली से आए शायर विष्णु विराट ने व्यंग्य करते हुए कहा, जुगनुओं ने शराब पी ली है, अब ये सूरज को भी गाली देंगे…। सहारनपुर के शायर बिलाल ने सामाजिक सौहार्द का संदेश देते हुए कहा, पहले हर आदमी इन्सान हुआ करता था, बाद में हिंदू-मुसलमान हुआ करता था…। कवि सम्मेलन का संचालन कर रहे डॉ. कुमार मनोज ने भी अपनी ओजस्वी और व्यंग्यात्मक रचनाओं से श्रोताओं की खूब वाहवाही लूटी।

उन्होंने कहा, अजब किस्मत है गद्दी पर वही सरदार बने हैं, हमारे सिर कलम करने को जो तैयार बने हैं…। उनकी प्रस्तुति पर भी पंडाल तालियों से गूंज उठा। कार्यक्रम में डॉ. बृजेश चंद यादव, सपा जिलाध्यक्ष प्रदीप शाक्य बबलू, राहुल गुप्ता, विश्वनाथ प्रताप सिंह, अनिल प्रताप सिंह, रामलीला समिति के प्रबंधक राजीव गुप्ता बबलू, उप प्रबंधक अजेंद्र गौर, राजेंद्र गुप्ता, रामनरेश पप्पू, शुभ गुप्ता और अलौकिक गौर सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

फोटो 03:: कवि सम्मेलन में कविता का पाठ करती मुमताज नसीम। संवाद

फोटो 03:: कवि सम्मेलन में कविता का पाठ करती मुमताज नसीम। संवाद



Source link