ताखा। सर्दियों की शुरुआत होते ही निजी नलकूपों से तांबे के बिजली तार चोरी करने वाला गैंग सक्रिय हो गया है। शनिवार रात चोरों ने अलग-अलग गांवों में करीब आधा दर्जन नलकूपों को निशाना बनाकर तार चोरी कर लिए। लगातार हो रही घटनाओं से किसानों में चिंता बढ़ गई है।
रामनगर के चिक्की तिवारी के नलकूप से चोर करीब 10 मीटर तार काट ले गए। साथ ही स्टार्टर मशीन तोड़कर चोरी करने का प्रयास किया, लेकिन उसे ले जाने में सफल नहीं हो सके। नगला लछी निवासी रामशरण दुबे के खेत में लगे नलकूप से भी तार चोरी कर लिए गए। चोरों ने कमरे का ताला तोड़कर सामान चोरी करने का प्रयास किया, लेकिन गेट में दो अतिरिक्त ताले लगे होने के कारण वे अंदर नहीं घुस सके।
इसके अलावा भगवंतपुर में दो और बम्हनीपुर में भी दो निजी नलकूपों को चोरों ने निशाना बनाया। रामशरण दुबे ने बताया कि इससे पहले भी दो बार चोर उनके नलकूप से सामान चोरी कर काफी नुकसान पहुंचा चुके हैं। किसानों के अनुसार सर्दियों के मौसम में यह गैंग सक्रिय होकर नलकूपों से तांबे के तार चोरी करता है। हालांकि, इन घटनाओं की सूचना किसानों ने पुलिस को नहीं दी है।

