जसवंतनगर। आगरा-कानपुर हाईवे पर नगला कन्हई गांव के सामने शनिवार रात 10 बजे सड़क किनारे खराब खड़े ट्रक में पीछे से दूसरा ट्रक टकरा गया। इसके बाद पीछे से आ रही डीसीएम भी दोनों क्षतिग्रस्त ट्रकों में जा घुसी। डीसीएम के पीछे आ रही कार भी इन वाहनों चपेट में आ गई। हादसे में डीसीएम चालक की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर करीब चार घंटे तक जाम लगा रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस, दमकल, एंबुलेंस और हाईवे की टीम ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारु कराया।

इटावा से आगरा जाने वाले मार्ग पर एक ट्रक खराब होने के कारण करीब दो घंटे से सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान पीछे से आए दूसरे ट्रक ने उसमें टक्कर मार दी। टक्कर में ट्रक चालक अनिल निवासी उतारारा थाना जसराना फिरोजाबाद व खलासी अंशुल निवासी अमृतपुर बसरेहर घायल हो गए। मौके पर पहुंची एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। इसी बीच एक डीसीएम भी क्षतिग्रस्त खड़े ट्रकों में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि डीसीएम चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया।

सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद चालक को केबिन से बाहर निकाला। गंभीर हालत में उसे एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उसे आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय रेफर कर दिया। सैफई ले जाते समय रास्ते में चालक ने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान प्रयागराज के थाना मऊआइमा क्षेत्र के रामनगर घसियारी निवासी मुकेश कुमार (32) के रूप में हुई।

मृतक के ममेरे भाई सुनील कुमार ने बताया कि मुकेश डीसीएम चलाने के साथ उसका मालिक भी था। शनिवार शाम करीब चार बजे वह प्रयागराज से डीसीएम में माल लादकर दिल्ली के लिए निकला था। हादसे में उसके पैर कुचल गए थे। मुकेश दो भाइयों में छोटा था। करीब पांच साल पहले उसकी शादी उमा से हुई थी।

उधर, हादसे के बाद पीछे से आ रही कार भी ट्रकों से टकरा गई। कार सवार अवनीश कुमार निवासी प्रकाश नगर फ्रेंड्स कॉलोनी और रूपेश कुमार निवासी पुराना भरथना रोड सुरक्षित बच गए। हादसे के बाद वाहनों की लंबी कतार लगने से हाईवे पर करीब चार घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।थाना प्रभारी कमल भाटी ने बताया क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया गया है।

फोटो 14 मुकेश कुमार। फाइल फोटो

फोटो 14 मुकेश कुमार। फाइल फोटो

फोटो 14 मुकेश कुमार। फाइल फोटो

फोटो 14 मुकेश कुमार। फाइल फोटो



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *