Etawah News: इटावा के फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के पक्का बाग स्थित जय भारत कॉलोनी की गली नंबर एक में गुरुवार तड़के सिलेंडर से गैस लीक होने के कारण एक मकान में आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और घर में रखा गृहस्थी का सामान अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में फ्रिज, फर्नीचर समेत घर का काफी सामान जलकर राख हो गया। आग लगने से परिवार में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों में भी अफरातफरी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह तड़के घर में रखे गैस सिलेंडर से गैस का रिसाव हो रहा था। इसी दौरान किसी कारणवश आग लग गई। देखते ही देखते आग ने घर के अंदर रखे सामान को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। आग की लपटें उठती देख घर में मौजूद लोगों ने शोर मचाया। इसके बाद आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने का प्रयास करने लगे। हालांकि आग तेजी से फैलने के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना डायल 112 पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड को इसकी जानकारी दी गई। कुछ ही देर में दमकल कर्मी भी घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक घर में रखा फ्रिज, फर्नीचर और गृहस्थी का अन्य सामान जलकर नष्ट हो चुका था।
हादसे की जानकारी मिलने पर सीओ सिटी अवनीश कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आग लगने के कारणों के साथ हुए नुकसान की जानकारी ली। प्रारंभिक जानकारी में सिलेंडर से गैस रिसाव को आग लगने की वजह बताया गया है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
