चकरनगर (इटावा)। ब्लॉक क्षेत्र के गढ़ाकासदा गांव में वायरल बुखार का प्रकोप चल रहा है। हालत यह है कि घर-घर चारपाई बिछी है। गांव में 17 दिनों में चार बच्चों की मौत हो चुकी है जबकि करीब 22 लोग बीमार चल रहे है। इसमें तीन बच्चों की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल में भर्ती हैं। इतने दिन बीत जाने के बाद भी स्वास्थ्य विभाग बच्चों की मौत का स्पष्ट कारण नहीं बता पाया हैं। गांव में स्वास्थ्य टीमें डेरा डाले हैं। वहीं, ग्रामीणों में फैली बीमारी को लेकर भय का माहौल बना हुआ है। स्वास्थ्य टीम उनको स्पष्ट जवाब नहीं दे पा रही है।
दो हजार की आबादी वाले गांव में अब तक 622 लोगों की कार्ड से डेंगू, मलेरिया और टायफाइड की जांच की जा चुकी है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सभी जांच रिपोर्ट निगेटिव आई हैं। इसके बाद अब बुखार से पीड़ित लोगों के सीबीसी (कंप्लीट ब्लड काउंट) जांच के लिए नमूने लिए जा रहे हैं, ताकि बीमारी की वजह का पता लगाया जा सके। रविवार को सीएचसी अधीक्षक महेश पाल के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की दो टीमों ने गांव में पहुंचकर जांच की। टीम ने बुखार से पीड़ित 20 लोगों के नमूने लेकर सीएचसी पर जांच के लिए भेजे हैं ताकि बीमारी का वास्तिक कारण पता चल सके।
सहायक मलेरिया अधिकारी आशीष राणा के नेतृत्व में घर-घर लार्वा की तलाश कर उसे नष्ट कराया गया। जांच के दौरान मृतक साक्षी के घर भी लार्वा मिला, जिसे दवा डालकर नष्ट कराया गया। गांव में ट्रैक्टर के माध्यम से दवा का छिड़काव भी कराया जा रहा है। इससे ग्रामीणों को बीमारियों से बचाया जा सके।
गढ़ाकासदा गांव में फैली बीमारी का पता लगाने को जिला संक्रामक टीम ने स्वास्थ्य टीम के साथ डेरा डाला है। टीम घर-घर जाकर बीमार लोगों के साथ ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है। साथ ही लोगों के खान-पान समेत अन्य जानकारी जुटाई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग टीम अभी तक बीमारी और बच्चों की मौत का वास्तविक कारण पता नहीं कर सका है।
गढ़कासदा निवासी महेश सिंह की पुत्री साक्षी की शनिवार शाम को मौत हो गई थी। साथ ही छोटी बहन को गंभीर हालत में परिजनों ने औरैया के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। यहां उसका इलाज चल रहा है। यहां उसकी हालत स्थिर बनी हुई हैं। परिजन एक बच्ची की मौत व दूसरे के बीमार होने से परेशान हैं।
गढ़ाकासदा में बीते 17 दिनों में सतेंद्र (13), गुनगुन (12), किशन (7) और साक्षी (11) चार मासूम बच्चों की बीमारी से मौत हो चुकी है। वहीं, गांव में 20 से 22 लोग अब भी बीमार बताए जा रहे हैं। बीमारी को लेकर बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में दहशत का माहौल है।
वर्जन
गढ़ाकासदा में लगातार बच्चों की मौत के बाद गांव में जिला सर्विलांस, जिला रिस्पांस टीम व जिला संक्रामक टीम के अलावा क्षेत्रीय स्वास्थ्य टीमों को लगाया गया है। बीमारी का पता लगाने के लिए मरीजों के खून के सैंपल लिए गए हैं। इसकी रिपोर्ट आने के बाद हकीकत पता चलेगी। इसी के आधार बीमार लोगों का इलाज किया जाएगा।
-डॉ. बलराज सिंह, डिप्टी सीएओ व जिला सर्विलांस के नोडल अधिकारी
