यूपी के इटावा जिले में प्रेमिका से मिलने जा रहे युवक को चोर समझकर बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो वायरल हो रहा है।

युवक को पेड़ से बांधकर पीटा
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
देर रात प्रेमिका से मिलने जा रहे युवक को ग्रामीणों ने चोर समझकर बंधक बना लिया। उसे पेड़ से बांधकर पीटा। गश्त कर रही पुलिस युवक को थाने ले गई। वहीं घटना वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। हालांकि अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
चौबिया थाना क्षेत्र के रम्पुरा गांव निवासी सुधीर को बुधवार रात करीब साढ़े 11 बजे संदिग्ध हालात में घूमते देखकर ग्रामीणों ने पकड़ लिया। शोर-शराबा सुनकर महिलाओं समेत ग्रामीण इकट्ठे हो गए। युवक को चोरी के इरादे से गांव में घुसने की आशंका जताकर ग्रामीणों ने उसे पीट दिया।
वायरल वीडियो में युवक के गिड़गिड़ाने के बावजूद भी ग्रामीणों ने उसकी एक नहीं सुनी। इस दौरान गश्ती पुलिस ने भीड़ देखी तो जानकारी ली। थाना प्रभारी बेचन सिंह ने बताया कि ग्रामीणों ने युवक को चोर समझकर पीट दिया। पूछताछ में युवक ने बताया कि वह प्रेमिका से मिलने गया था। पूछताछ के बाद युवक को छोड़ दिया गया है। किसी भी पक्ष से कोई तहरीर नहीं दी गई है।
