{“_id”:”6b072d12eacc294cc10be2d7″,”slug”:”farrukhabad-news-farrukhabad-news-c-222-1-frk1012-152177-2026-11-26″,”type”:”story”,”status”:”publish”,”title_hn”:”Farrukhabad News: कार पुलिया से 20 फीट नीचे नहर में गिरी, दूल्हे के मौसा की मौत, चार घायल”,”category”:{“title”:”City & states”,”title_hn”:”शहर और राज्य”,”slug”:”city-and-states”}}

फोटो-28 आलोक उर्फ अशोक। फाइल फोटो
कंपिल (फर्रुखाबाद)। शादी समारोह से लौट रहे फल व्यापारी की कार मंगलवार की रात मानिकपुर गांव के पास बेकाबू होकर पुलिया से करीब 20 फीट नीचे सूखी नहर में गिर गई। हादसे में कार चला रहे फल व्यापारी आलोक उर्फ अशोक (45) की मौत हो गई, जबकि उनके चार साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की जानकारी शादी समारोह में पहुंचने पर दोनों पक्षों में अफरा-तफरी मच गई। शादी की रस्में पूरी करने के बाद सादगी से दुल्हन की विदाई की गई।
कस्बे के मांझगांव मोहल्ला निवासी अमरनाथ माथुर की पुत्री कविता का विवाह दिल्ली के मुकुंदपुर स्थित फौजी कॉलोनी निवासी जयशरण के पौत्र प्रवीन कुमार के साथ हो रहा था। द्वारचार समेत अन्य वैवाहिक रस्में पूरी होने के बाद रात करीब ढाई बजे दूल्हे के मौसा दिल्ली के स्वरूप नगर निवासी आलोक उर्फ अशोक कार से अलीगढ़ जा रहे थे। कार में उनके साथ बदायूं के कछला निवासी संजीव, अलीगढ़ के थाना हरदुआ क्षेत्र के बड़ागांव निवासी रामकिशन और वीरेंद्र तथा दिल्ली के नरेला नार्थवेस्ट, होलमाई निवासी भारत भी थे।
कंपिल से रुदायन होते हुए अलीगढ़ जा रही कार मानिकपुर गांव के पास तीव्र मोड़ पर बेकाबू होकर पुलिया से करीब 20 फीट नीचे सूखी नहर में जा गिरी। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकलवाया और एंबुलेंस से सीएचसी कायमगंज भिजवाया। डॉक्टरों ने आलोक को मृत घोषित कर दिया। चारों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हादसे की खबर मिलने पर कुछ बराती वापस जाने की बात करने लगे, लेकिन दूल्हे ने रस्में पूरी कर कविता को विदा किया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। आलोक की पत्नी कोमल, दो पुत्र और एक पुत्री रो-रोकर बेहाल हैं। आलोक दिल्ली में फल का कारोबार करते थे। सीओ अजय वर्मा ने बताया कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

फोटो-28 आलोक उर्फ अशोक। फाइल फोटो
