फतेहपुर। अवैध खनन और ओवरलोडिंग पर लगाम कसने के प्रशासनिक दावे पूरी तरह खोखले साबित हो रहे हैं। ओवरलोडिंग बदस्तूर जारी है। अक्तूबर में जिले की सीमाओं की निगरानी के लिए प्रशासन की ओर से बनाई गईं विशेष आठ टीमों को नवंबर की शुरुआत में ही भंग कर दिया गया। वहीं इन चेक पोस्ट को भी खत्म कर दिया गया है। हालांकि इसके पीछे वजह चुनावी कार्य बताया गया है।

ओवरलोड मौरंग और गिट्टी लदे ट्रकों को रोकने के लिए प्रशासन ने प्रमुख रास्तों पर चेक पोस्ट बनाए थे। आठ चेक पोस्ट पर 50 से अधिक सरकारी विभागों से कर्मचारी 24 घंटे ड्यूटी पर तैनात किए गए थे। सख्त निगरानी के अभाव में ये चेक पोस्ट महज दिखावा बन गए। रात से लेकर दिन तक, भारी-भरकम ओवरलोड वाहन बिना किसी रोक-टोक के इन चौकियों के सामने से गुजरते रहे। इसके कई वीडियो भी वायरल हुए। इनके साथ ही एआरटीओ और खनिज की टीमें लगी रहीं।

ओवरलोडिंग से असोथर-थरियांव मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। दूसरी ओर आए दिन सड़क हादसे भी हो रहे हैं। कहीं न कहीं खनिज विभाग और एआरटीओ की ओर से कार्रवाई पर सवाल खड़े होते हैं। असोथर-रामपुर थरियांव कस्बे से मौरंग लदे ओवरलोड ट्रकों का दिन-रात आवागमन हो रहा है। नियमों को ताक पर रखकर ट्रकों में क्षमता से अधिक मौरंग लादकर खुलेआम सड़कों से गुजारा कभी भी देखा जा सकता है। कई ओवरलोड ट्रक मंगलवार सुबह रामपुर थरियांव में असोथर रोड से होकर गुजरते दिखे।

ओवरलोडिंग के पीछे साफ है कि लोकेशन और इंट्री वसूली के खेल शुरू हो चुका है। जबकि एक साल पहले जिले में लखनऊ एसटीएफ ने इस सिंडीकेट का खुलासा किया था। जिले के खनन अधिकारी, एआरटीओ, पीटीओ और इन विभागों में तैनात पुलिस कर्मियों व 15 वाहन पासरों के खिलाफ प्राथमिकी तक दर्ज हुई। एसटीएफ सूत्रों के अनुसार दोबारा भी ऐसी कार्रवाई के आसार जनपद में बने हैं।

——-

इन स्थानों पर बनाई गई थीं चेक पोस्ट

• थाना ललौली क्षेत्र बंधवा व बहुआ चौराहा

• थाना गाजीपुर क्षेत्र कस्बा चौराहा

• बिंदकी कोतवाली जोनिहा चौकी

• थाना असोथर क्षेत्र जरौली-असोथर रोड

• विजयीपुर चौकी/चौराहा किशनपुर थाना क्षेत्र

• बहुआ पुलिस चौकी चौराहा (निगरानी प्वाइंट)

इनसेट

पहले पूर्व फौजियों की ड्यूटी लगाई थी

ओवरलोडिंग रोकने के लिए पूर्व के सालों में प्रयास किए गए थे। सीमावर्ती स्थानों पर सेवानिवृत्त फौजियों की ड्यूटी लगाकर चेक पोस्ट बनाए गए थे। ये प्रयास भी प्रशासन का असफल रहा।

——–

इनसेट

ये हुई थी 2025 में कार्रवाई

11 नवंबर 2025 को एसटीएफ लखनऊ ने अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग के सिंडिटेक का खुलासा करते हुए थरियांव थाने, रायबरेली के लालगंज कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई थी। कुछ लोकेटर और ट्रक चालकों को एसटीएफ ने गिरफ्तार किया था। जिले खनिज अधिकारी, एआरटीओ, पीटीओ, इनके गनर, प्राइवेट चालकों पर प्राथमिकी दर्ज हुई थी। इसके बाद स्थानीय स्तर पर तत्कालीन खनन निरीक्षक बिपेंद्र कुमार राजभर की तहरीर पर 24 नवंबर को बहुआ रोड स्थित पार्थ ढाबा के संचालक देवांश, बेरागढ़ीवा निवासी रामू यादव और उसके सहयोगी, रायबरेली निवासी कपिल तिवारी व आठ कारों के चालक और स्वामी व अन्य नामजद हुए थे।

—

कोट्स

विभाग की ओर से अलग-अलग टीम बनाकर लगातार कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई की भनक लगने के बाद अक्सर वाहनों को लेकर चालक छिप जाते हैं। टीम के लौटने पर ही फिर रोड पर आते हैं, इसी वजह से हादसे होते हैं।

संतोष कुमार सिंह- एआरटीओ प्रथम-प्रशासन/प्रवर्तन

कोट्स

मिट्टी खनन और मौरंग, गिट्टी के अवैध परिवहन पर चेकिंग दौरान काफी संख्या में वाहनों पर कार्रवाई की गई है। जिले में अभी खदानें बंद हैं। मौरंग व खनिज का अवैध परिवहन दूसरे जनपदों से हो रहा है।

सोमेंद्र तिवारी-खनन अधिकारी

चेक पोस्ट खत्म नहीं होंगे,इनका स्थान परिवर्तन होगा। नवंबर शुरूआत में ही सारी टीमों को चुनावी कार्य को देखते हुए भंग किया गया। अब नए सिरे से जहां से अधिक वाहनों की इंट्री होगी, वहां चेक पोस्ट बनाकर ड्यूटी लगाई जाएगी। इससे कम कर्मचारी लगाकर अधिक काम हो सकेगा। चेक पोस्ट में भले ही धरपकड़ कम हुई हो, लेकिन ओवरलोडिंग में जरूर कमी आई है। कुछ समस्याएं के चलते चोरी छिपे ओवरलोड वाहन निकलते हैं। इन पर भी शिकंजा कसा जाएगा।

विनय पांडेय- एडीएम-वित्त एवं राजस्व

फोटो-01-फतेहपुर: थरियांव-असोथर मार्ग में 25 नवंबर 8:37 पर गुजरता ओवरलोड ट्रक। संवाद

फोटो-01-फतेहपुर: थरियांव-असोथर मार्ग में 25 नवंबर 8:37 पर गुजरता ओवरलोड ट्रक। संवाद



Source link