फर्रुखाबाद। केंद्रीय विद्यालय फतेहगढ़ के योग शिक्षक की मौत के मामले में परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। उनका शव कमरे में फंदे पर लटका मिला था, जबकि दरवाजे खुले थे। शुक्रवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया।
जनपद मैनपुरी के थाना बिछवां क्षेत्र के गांव शाहआलमपुर निवासी यादवेंद्र यादव (23) केंद्रीय विद्यालय फतेहगढ़ में संविदा पर योग शिक्षक थे। वह सिविल लाइन जजेज काॅलोनी में किराए के मकान में रहते थे। शुक्रवार शाम करीब छह परिजन को मौत की सूचना मिली। उनका शव कमरे में दुपट्टे के फंदे से लटका मिला था, जबकि दरवाजे खुले थे। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
सूत्रों के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में 24 घंटे पूर्व गले में फंदा कसने से माैत की पुष्टि की गई है। इससे अनुमान है कि शव देखे जाने से करीब छह घंटे पहले ही माैत हो गई थी। बड़े भाई ओमकार ने बताया कि यादवेंद्र 21 नवंबर से ड्यूटी पर नहीं गए थे। 24 नवंबर से उनके दोनों मोबाइल स्विच ऑफ हैं। बताया कि यादवेंद्र प्रतिदिन मां सरोजा देवी से फोन पर बात करते थे। ममेरे भाई की शादी होने से मां इटावा के गांव चौरापुर स्थित मायके गई थीं। कई दिन से बात न होने पर उन्होंने परिचित को यादवेंद्र के कमरे पर भेजकर बात कराने के लिए कहा।
परिचित की बेटी ने कमरे का दरवाजा धक्का मारकर खोला तो यादवेंद्र का शव लटका देख चीख पड़ी। मकान मालिक या उसी मकान में रहने वाले किरायेदारों ने उन्हें कोई सूचना नहीं दी। पुलिस व फाॅरेंसिक जांच में यादवेंद्जेर की जेब से कोई कागज मिलने की जानकारी दी गई, लेकिन वह कागज दिखाया नहीं गया। यादवेंद्र का एक मोबाइल, लैपटॉप और करीब 50 हजार रुपये भी गायब हैं।
परिजन का कहना है कि अविवाहित यादवेंद्र की एक लड़की से भी फोन पर बात होती थी। जेएनएम का कोर्स करने वाली लड़की उसके घर भी आती थी। उन्होंने कहा कि या तो भाई की हत्या हुई है या फिर उसे आत्महत्या के लिए मजबूर किया गया है। फतेहगढ़ कोतवाल विनेश कुमार ने बताया कि शनिवार को ही चार्ज लिया है। तहरीर मिलने पर सभी बिंदुओं पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
