तिर्वा। नाबालिग मुस्लिम जोड़े के निकाह की जानकारी पर पुलिस टीम पहुंच गई और निकाह रुकवाकर दोनों नाबालिगों समेत परिजन को कोतवाली ले आई। इसके बाद चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 को सूचना देकर टीम बुलवाई गई। चाइल्ड टीम दोनों बच्चों और उनके परिजन से पूछताछ कर साथ ले गई।
शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम चंदियापुर में नाबालिग लड़की और लड़के की शादी से पहले की रस्में पूरी करने की तैयारी चल रही है। मामला नाबालिगों की शादी से जुड़ा होने के कारण कोतवाल रविशंकर त्रिपाठी ने तत्काल पुलिस टीम को गांव भेजा। पुलिस दोनों नाबालिगों समेत परिजन को कोतवाली ले आई। इसके बाद चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 को सूचना दी। करीब आधे घंटे बाद काउंसिलिंग छाया राठौर और आशीष राठौर की टीम कोतवाली पहुंची।
टीम ने दोनों नाबालिगों के साथ उनके परिजन से भी बातचीत की। इस दौरान लड़की के परिजनों ने सफाई देते हुए बताया कि अभी निकाह नहीं हो रहा था, बल्कि निकाह से पहले की रस्में पूरी की जा रही थीं। पुलिस ने दोनों परिवारों को स्पष्ट हिदायत दी कि लड़की की उम्र 18 वर्ष और लड़के की उम्र 21 वर्ष पूरी होने के बाद ही निकाह किया जाए। नाबालिग लड़का उत्तरीपुरा क्षेत्र के एक गांव का बताया जा रहा है। कोतवाल ने बताया कि चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम दोनों बच्चों को अपने साथ ले गई। मामले में बाल संरक्षण से जुड़ी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
