सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के नयापुरवा मजरे मोहम्मदपुर गौंती गांव में शनिवार शाम को सड़क हादसे में बसपा नेता सुनील कुमार के पिता रामप्रसाद (55) की मौत हो गई। उन्हें एक वाहन ने टक्कर मार दी थी। रामप्रसाद सड़क पार कर रहे थे तभी प्रेमनगर से अफोई जा रहे किसी वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से भाग गया।
ग्रामीणों ने गंभीर रूप से घायल रामप्रसाद को सीएचसी हथगाम पहुंचाया। डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत देखते हुए प्रयागराज भेज दिया। प्रयागराज ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। बसपा कार्यकर्ता सुनील कुमार ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
