खागा (फतेहपुर)। कोतवाली क्षेत्र के रोशनपुर टेकारी गांव में शुक्रवार सुबह किशोरी के अपहरण के आरोपी का शव घर के बाहर चारपाई पर मिला। चारपाई पर खून पड़ा था और युवक के चेहरे पर भी खून जमा था।
जांच में युवक को खून की उल्टियां होने की बात सामने आई। परिजन ने किशोरी के अपहरण के मुकदमे की रंजिश में हत्या किए जाने का आरोप लगाया। कार्रवाई की मांग को लेकर परिजन की पुलिस से नोकझोंक भी हुई। वहीं पुलिस जहर खाने से मौत होने की आशंका जता रही है।
सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के मालादेई गांव निवासी प्रदीप कुमार रैदास (25) पिछले आठ साल से ननिहाल रोशनपुर टेकारी में नाना रामबली के घर रह रहा था। तीन साल पहले गांव की ही एक किशोरी के अपहरण के मामले में वह जेल गया था। करीब चार माह बाद जेल से छूटने पर उसने लोडर चलाना सीखा। दो साल पहले लोडर खरीदकर भाड़े पर सामान की ढुलाई करने लगा।
परिजन ने बताया कि बृहस्पतिवार को मुकदमे की कोर्ट में सुनवाई थी। प्रदीप तारीख पर कचहरी गया था। गांव लौटने के बाद वह लोडर से बरात का डीजे छोड़ने गया था। यहां से रात करीब एक बजे लौटकर घर के बाहर चारपाई पर सो गया।
शुक्रवार सुबह करीब छह बजे मामी उर्मिला ने चारपाई पर खून पड़ा देखा तो चीख पड़ीं। प्रदीप के चेहरे पर भी खून जमा था। बिस्तर और आसपास की अन्य जगहों पर भी खून के निशान मिले। घटना की जानकारी होते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
मामी ने आरोप लगाया कि किशोरी अब बालिग हो चुकी है। उसके अपहरण के मुकदमे में बृहस्पतिवार को कोर्ट में तारीख थी। वहां दूसरे पक्ष के लोगों ने प्रदीप को हत्या की धमकी दी थी। आरोप है कि इसी रंजिश में साजिश के तहत सोते समय भांजे की हत्या कर दी गई।
सूचना पर सीओ थरियांव दुर्गेशदीप, कोतवाल संजय पांडेय और फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंची और जांच की। परिजन ने कार्रवाई की मांग को लेकर कुछ देर हंगामा किया। इस दौरान पुलिस से उनकी नोकझोंक भी हुई। सीओ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में जहरीले पदार्थ के सेवन से मौत होने की आशंका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा।

फोटो-35-फतेहपुर- फाइल फोटो प्रदीप। स्रोत परिजन

फोटो-35-फतेहपुर- फाइल फोटो प्रदीप। स्रोत परिजन

