खागा। क्षेत्र में ऐरायां ब्लॉक के मंडवा गांव निवासी महिला और नगर के रामनगर मोहल्ले के किशोर में डेंगू की पुष्टि हुई है। दोनों मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया।

मंडवा गांव निवासी महिला को एक सप्ताह से बुखार, बदनदर्द और सिरदर्द की शिकायत थी। बुधवार को सीएचसी में जांच के दौरान डेंगू की पुष्टि हुई। शनिवार को चिकित्सा अधीक्षक के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची।

टीम ने महिला के परिजनों और आसपास बुखार से पीड़ित लोगों की जांच की। वहीं रामनगर मोहल्ले के किशोर को बुखार आने पर परिजन सीएचसी लेकर पहुंचे। जांच में डेंगू की पुष्टि होने पर उसे भर्ती कर लिया गया।

वहीं नगर में मच्छरों का प्रकोप बढ़ने पर राजेश कुमार, सुरेश सिंह और राजू सिंह ने नगर पंचायत से फॉगिंग कराने और नालियों में कीटनाशक पाउडर का छिड़काव कराने की मांग की है। उन्होंने नियमित सफाई के साथ मच्छरों से बचाव के पुख्ता इंतजाम करने की अपील की।

चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रमेश यादव ने बताया कि टीम ने 35 लोगों की मलेरिया, टायफाइड और डेंगू की जांच की। सभी की रिपोर्ट सामान्य आई है। सीएचसी में डेंगू मरीजों के उपचार की पर्याप्त व्यवस्था है।



Source link