फतेहपुर। ललौली थाना क्षेत्र के कोर्राकनक मोड़ से मुत्तौर रोड पर खून से लथपथ मिली महिला के शव की तीसरे दिन भी पहचान नहीं हो सकी। बांदा में छानबीन के बाद पुलिस बुधवार को महिला की शिनाख्त के प्रयास में चित्रकूट पहुंची।

थाने के एसएसआई आनंद वर्मा की ओर से महिला की हत्या के मामले में मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। महिला का शव सोमवार को मिला था।

घटनास्थल से बांदा जिला नजदीक होने के कारण पुलिस ने सबसे पहले वहीं से जांच शुरू की। बांदा के सभी थानों और जिला सीमा से सटे गांवों में संपर्क कर महिला की फोटो दिखाते हुए पहचान कराने का प्रयास किया गया। इसके अलावा जिले के सभी थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों को भी खंगाला गया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

इसके बाद पुलिस ने चित्रकूट में छानबीन शुरू की है। महिला की शिनाख्त कराने के लिए एसपी ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। थानाध्यक्ष दिवाकर सिंह ने बताया कि शव की पहचान के लिए चित्रकूट में पुलिस टीम छानबीन कर रही है।



Source link

अभी अभी की खबरें