बहुआ। ललौली थाना क्षेत्र के कोर्राकनक स्थित भूप सिंह का डेरा के जंगल में शिकारियों ने नीलगाय का शिकार कर उसको काट रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि सात अन्य भाग निकले। वन रक्षक की तहरीर पर आठ आरोपियों के खिलाफ मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज की गई।
वन रक्षक विमलेश कुमार ने बताया कि वह दतौली चौकी प्रभारी रोहित कुमार और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। वहां नीलगाय के मांस के टुकड़े मिले। गाजीपुर थाना क्षेत्र के ककरार गांव निवासी सिद्दीक को कुल्हाड़ी, जाल, पल्सर बाइक और मांस के टुकड़ों के साथ पकड़ा गया। फरार आरोपियों में इसराइल, इसरार, अनवर निवासी ककरार, नसीम, नौशाद, पप्पू निवासी कुड़वारी और कल्लू निवासी इलाही डेरा शामिल हैं। थानाध्यक्ष दिवाकर सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

