बिंदकी। हैंडपंप पर पानी भरने गई किशोरी को युवक ने घसीटकर ले जाने की कोशिश की। मां के विरोध करने पर युवक ने उसे पीट दिया। चौकी से शिकायत कर लौटते समय आरोपी और उसके परिजन ने उसे पीट दिया। पुलिस ने शनिवार को आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की महिला ने बताया कि पांच नवंबर की शाम करीब 6:30 बजे बेटी गांव में दिनेश के हैंडपंप पर पानी भरने गई थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव का सुरेश पुत्र स्व. कालीदीन उसे घसीटकर ले जाने लगा। जानकारी होने पर परिजन ने विरोध किया तो आरोपी ने मारपीट शुरू कर दी।
शोर सुनकर उसके परिवार के अन्य लोग भी पहुंच गए। महिला ने बताया कि वह शिकायत लेकर खजुहा चौकी गई थी। यहां से लौटते समय आरोपी और उसके परिजन ने रास्ते में घेर लिया।
आरोप है कि सुमन, सोनी, दीक्षा, सुरेखा, करण और छोटू ने लात-घूंसों और बाल्टी से हमला कर दिया। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। कोतवाल शैलेश सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

