थरियांव। हसवा विकासखंड के रामपुर थरियांव कस्बे में शुक्रवार को फुटपाथ पर अतिक्रमण और ओवरलोड डंपरों की आवाजाही से करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया। असोथर रोड से जीटी रोड तक वाहनों की कतारें लग गईं। करीब दो घंटे तक वाहन रेंगते रहे। इससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सड़क के दोनों ओर फुटपाथ पर दुकानदारों के अतिक्रमण से मार्ग पहले ही संकरा हो गया है। इसी बीच कई ओवरलोड डंपरों और बड़े वाहनों के एक साथ पहुंचने से यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। जाम में कार, ट्रक, डंपर, ई-रिक्शा और बाइक सवार फंसे रहे। जाम से बचने के लिए कई बाइक सवार गलियों और वैकल्पिक रास्तों से निकलते नजर आए।
ग्रामीण कमल लोधी, दयाराम लोधी, शनि मोदनवाल, दिनेश सोनी और सोनू यादव ने बताया कि फुटपाथ पर अतिक्रमण और भारी वाहनों की आवाजाही के कारण कस्बे में आए दिन जाम की स्थिति बनती है। उन्होंने प्रशासन से फुटपाथ खाली कराने, अतिक्रमण हटाने और बड़े वाहनों के आवागमन को व्यवस्थित करने की मांग की है।
तिराहे पर क्रिटिकल कॉरिडोर टीम तैनात है। एक साथ कई बड़े वाहन आने से कभी-कभी जाम लग जाता है। सूचना पर पुलिसकर्मियों को मौके पर भेजकर यातायात सुचारु कराया गया।
– शमशेर बहादुर सिंह, थानाध्यक्ष।

फोटो-12-फतेहपुर:- रामपुर थरियांव कस्बे में लगा जाम। संवाद– फोटो : 1
