फतेहपुर। मलवां थाना क्षेत्र के सरायं शहजादा गांव निवासी रघुनाथ प्रसाद पांडेय (74) की पिटाई से मौत होने की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुई है। इसके बाद पुलिस ने बृहस्पतिवार रात पड़ोसी परिवार के आठ लोगों के खिलाफ गैरइरादतन हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है।

रघुनाथ के बेटे सुनील कुमार पांडेय ने रविशंकर तिवारी, राजकिशोर, गुड़िया, प्रवीणा, कृष्ण शंकर तिवारी, मोहित, अतुल और पंकज को नामजद किया है। आरोप है कि पांच नवंबर को आरोपी घर के दरवाजे के सामने चबूतरा तोड़कर खुदाई कर रहे थे।

विरोध करने पर आरोपियों ने परिवार के साथ मारपीट शुरू कर दी। पंकज के ललकारने पर सभी ने रघुनाथ को लाठी-डंडों और मवेशी बांधने वाले लंगड़ से पीटा। गंभीर रूप से घायल रघुनाथ को मेडिकल कॉलेज अल्लीपुर में भर्ती कराया गया था।

यहां मंगलवार रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक रमाशंकर सरोज ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



Source link

अभी अभी की खबरें