फतेहपुर। विजयीपुर क्षेत्र में शिवपुर से सिलमी होते हुए सिटकिहा तक करीब चार किलोमीटर सड़क की पैचिंग में मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष संत कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर काम बंद करा दिया।
इस दौरान शिकायत को लेकर पीडब्ल्यूडी के जेई और विभाग के बुजुर्ग मेट के बीच फोन पर हुई बातचीत में अभद्रता का मामला भी सामने आया। हैंडफ्री फोन पर हुई बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी इसकी पुष्टि नहीं करती है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की सफाई कराए बिना ही गड्ढों में पैचिंग की जा रही है। गिट्टियां उखड़कर बिखर रही हैं और गड्ढे भी जस के तस बने हुए हैं। ऐसे में पैचिंग का काम एक सप्ताह भी नहीं टिक पाएगा।
संत कुमार त्रिपाठी ने कहा कि सरकार सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के लक्ष्य के साथ काम कर रही है, लेकिन यहां पैचिंग के नाम पर केवल खानापूरी की जा रही है। सरकार की बदनामी नहीं होने देंगे। सड़क का निर्माण मानकों के अनुरूप होना चाहिए।
ग्रामीणों ने जेई अरविंद कुमार को फोन कर काम की गुणवत्ता को लेकर शिकायत की। उनके कहने पर मेट हरिशंकर ने जेई से बात की। बातचीत के दौरान मेट ने जेई पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।
38 साल से अधिक के सेवाकाल में पहली बार इस तरह का व्यवहार झेलने वाले हरिशंकर ने कहा कि उनकी सेवानिवृत्ति में महज दो साल शेष हैं। इस दौरान महेंद्र सिंह, मोहित सिंह, देवेंद्र सिंह, कमलेश त्रिवेदी, सुंदरम सिंह और पीयूष सिंह तोमर समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
जेई का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। जेई पैचिंग के बजट और सड़क निर्माण से जुड़ी जानकारी देने में भी असमर्थता जता चुके हैं।
मामले की जांच कराई जाएगी। किसी अधिकारी को अपने अधीनस्थ से अभद्रता करने का अधिकार नहीं है। दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
– सुधीर कुमार, चीफ इंजीनियर, प्रयागराज मंडल।

फोटो-41-फतेहपुर: सिलमी से सिटकीहा मार्ग पर प्रदर्शन करते ग्रामीण। संवाद

फोटो-41-फतेहपुर: सिलमी से सिटकीहा मार्ग पर प्रदर्शन करते ग्रामीण। संवाद

