फतेहपुर। किसान की मौत के मामले में जिला उपभोक्ता आयोग ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट और लेखपाल की हार्ट अटैक संबंधी रिपोर्ट को आधार मानने से इन्कार कर दिया है। आयोग के अध्यक्ष रामनरेश मौर्य और सदस्य पद्मिनी आनंद ने माना कि अचानक सांप सामने आने से किसान को हार्ट अटैक हुआ और उसकी मौत हो गई। इसे दुर्घटना मानते हुए किसान के परिजनों को बीमा का लाभ देने का आदेश दिया।


औंग थाना क्षेत्र के हाजीपुर गांव निवासी दिनेश कुमार की आठ जुलाई 2013 को खेत में मौत हो गई थी। परिजन ने सांप के डसने से मौत की आशंका जताते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हार्ट अटैक से मौत होने की पुष्टि हुई थी। इसके आधार पर किसान दुर्घटना बीमा योजना का लाभ देने से परिजन को मना कर दिया गया।

आयोग ने सुनवाई के दौरान शासनादेश 22 अक्तूबर 2012 की धारा पांच का हवाला दिया। इसके अनुसार सांप को अचानक देखने से हुई मौत को भी दुर्घटना माना गया है। इसलिए यह मामला बीमा योजना के दायरे में आता है। आयोग ने दो माह के अंदर पांच लाख रुपये बीमा राशि का भुगतान करने के साथ परिवार को मानसिक परेशानी के लिए 20 हजार रुपये देने का आदेश दिया है।



Source link