फतेहपुर। ललौली थाना क्षेत्र के सातआना मोहल्ले के अलीबाबा में महिला की हत्या की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई है। रिपोर्ट से पता चला है कि वारदात के दौरान महिला ने कातिलों का विरोध किया था। इसी दौरान उसके सिर पर किसी भारी वस्तु से प्रहार किया गया। सिर में अंदरूनी चोट आने के बाद गला कसकर उसकी हत्या कर दी गई। विरोध के दौरान महिला के गले, सिर और चेहरे पर भी चोट व खरोंच के निशान मिले हैं।

अलीबाबा मोहल्ला निवासी बिल्किश बेगम (62) की बृहस्पतिवार रात हत्या कर बदमाश कमरे में रखी अलमारियों से नकदी और जेवर लूट ले गए थे। पुलिस को बिल्किश बेगम का शव बरामदे में तख्त पर पड़ा मिला था। उनका बायां हाथ और पैर दुपट्टे से बंधा था। शॉल से गला कसने के साथ उसे मुंह में भी ठूंसा गया था। शुरुआती जांच में पुलिस ने गला कसकर हत्या किए जाने की आशंका जताई थी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला के सिर में अंदरूनी चोट की पुष्टि हुई है। माना जा रहा है कि किसी भारी वस्तु से सिर पर प्रहार करने के बाद उसका गला कसा गया। गले पर मिले निशान भी इसकी पुष्टि कर रहे हैं। चेहरे और गले पर पांच से छह चोटों के निशान मिले हैं, जबकि सिर में तेज प्रहार से अंदरूनी चोट आई है। घटनास्थल की स्थिति के अनुसार तख्त दीवार के बगल में पड़ा था।

आशंका है कि विरोध के दौरान कातिलों ने महिला के गले में फंदा कस दिया होगा। इस दौरान सिर का पिछला हिस्सा दीवार या पूरी ताकत से तख्त से टकराया होगा। सिर में अंदरूनी चोट लगने से महिला कोमा में चली गई और उसकी मौत हो गई। सीओ अवनीश राय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में चोट और गला कसकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है।

मुंबई से लौटे बेटे ने दर्ज कराई प्राथमिकी

मुंबई से लौटे बड़े बेटे नसीम खान उर्फ नियाज खान ने मां की हत्या और लूट के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई है। नसीम के मुताबिक बदमाश मां के साढ़े सात तोला सोने और एक किलो 650 ग्राम चांदी के जेवर लूट ले गए। इसके अलावा उसकी पत्नी शहर बानो और छोटे भाई मुस्तकीम की पत्नी हिना के करीब आठ तोला सोने के जेवर, एक किलो चांदी और 45 हजार रुपये नकद भी ले गए। लूटे गए जेवरों में सोने की चेन, पांच अंगूठियां, तीन मंगलसूत्र, दो जोड़ी झुमकी, तीन पीस मनचली, चार चूड़ियां, तीन जोड़ी झाला, एक जोड़ी टॉप्स, चांदी के एक जोड़ी कड़े, तीन जोड़ी बड़ी पायल, दो जोड़ी तोड़िया, दो जोड़ी हाथ फूल, एक चोटी फूल और एक जोड़ी क्लिप शामिल हैं। इन जेवरों की कीमत करीब 26 लाख रुपये बताई जा रही है।



Source link