लखनऊ। पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल ने शनिवार को लखनऊ जंक्शन पर आधुनिक खानपान प्रतिष्ठान ‘आईएनईजे ईट्स’ शुरू किया। एयरपोर्ट की तर्ज पर विकसित इस प्रतिष्ठान से यात्रियों को बेहतर खानपान सुविधा मिलेगी। साथ ही रेलवे के गैर-किराया राजस्व में भी वृद्धि होगी।
जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु राव ने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन में इसे नॉन फेयर रेवेन्यू मॉडल के तहत विकसित किया गया है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अरिजित सिंह ने परियोजना का नेतृत्व किया। प्रतिष्ठान का शुभारंभ एक वरिष्ठ रेलयात्री ने किया। डीआरएम ने कहा कि यहां यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण खानपान सुविधा त्वरित और सुविधाजनक तरीके से उपलब्ध होगी। इससे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का विस्तार होगा। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक के अनुसार, प्रतिष्ठान से रेलवे को आगामी 10 वर्षों में करीब 2.15 करोड़ रुपये का राजस्व मिलने का अनुमान है। यह पहल रेलवे की उपलब्ध परिसंपत्तियों के बेहतर व्यावसायिक उपयोग की दिशा में महत्वपूर्ण है।

