फतेहपुर। हमीरपुर से वाराणसी जा रहे ब्रांडेड कंपनी के वॉशिंग पाउडर लदे ट्रक से 500 बैग माल बेचने के बाद चालक ने प्रयागराज में वाहन के केबिन में आग लगा दी। घटना के बाद वह भाग गया। कंपनी के अफसरों की तहरीर पर बकेवर पुलिस ने शुक्रवार को बांदा के पैलानी थाना निवासी नंदादेव गांव के ट्रक चालक धनराम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
एवीजी लॉजिस्टिक लिमिटेड कंपनी के ऑपरेशन एग्जीक्यूटिव पंकज द्विवेदी और विजय शुक्ला ने बताया कि 12 नवंबर को हमीरपुर जिले के सुमेरपुर से ट्रक में वॉशिंग पाउडर के 2376 बैग लादकर वाराणसी गोदाम के लिए भेजे गए थे। एक बैग की कीमत 1200 रुपये बताई गई है। ट्रक में धनराम, राम प्रसाद और प्रवीण सिंह सवार थे। तीनों चालक थे। वाहन 13 नवंबर को सुमेरपुर से रवाना हुआ था।
आरोप है कि घाटमपुर में खाना खाने के बाद धनराम ने राम प्रसाद को उतार दिया और माल बेचने जाने की बात कही। 14 नवंबर को कंपनी को इसकी जानकारी मिली। छानबीन में पता चला कि ट्रक बकेवर थाना क्षेत्र के भेलगांव के पास रुका था। चालक प्रवीण से पूछताछ में सामने आया कि धनराम ने वहां 500 बैग पाउडर दूसरे वाहन में लदवाकर बेच दिए।
इसके बाद प्रयागराज जिले के थरवई थाना क्षेत्र में हाईवे किनारे खाली ट्रक के केबिन में आग लगा दी। घटनास्थल पर कोई चालक नहीं मिला। थानाध्यक्ष बृजेश कुमार यादव ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।

