झांसी। रानी लक्ष्मीबाई पार्क स्थित मेजर ध्यानचंद संग्रहालय और स्पेस म्यूजियम का भ्रमण अब एक ही टिकट पर किया जा सकेगा। स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने दोनों संग्रहालयों के लिए अलग-अलग टिकट व्यवस्था समाप्त कर शुल्क में भी संशोधन किया है। नई व्यवस्था के तहत 18 वर्ष से अधिक आयु के भारतीय नागरिक दोनों संग्रहालयों का भ्रमण सिर्फ 75 रुपये में कर सकेंगे, जबकि 10 वर्ष तक के बच्चों का प्रवेश निशुल्क रहेगा।
अब तक दोनों संग्रहालयों के लिए अलग-अलग टिकट लेना पड़ता था। पांच वर्ष तक के बच्चों का प्रवेश निशुल्क था, जबकि छह से 12 वर्ष तक के बच्चों के लिए 25 रुपये और 12 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के लिए 50 रुपये प्रति व्यक्ति शुल्क निर्धारित था। इसके अलावा न्यूनतम 10 लोगों के समूह के लिए 35 रुपये प्रति व्यक्ति तथा वैध आईडी कार्ड दिखाने वाले छात्र-छात्राओं के लिए 25 रुपये प्रति व्यक्ति शुल्क लिया जाता था।
स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अनुसार स्पेस म्यूजियम की तुलना में मेजर ध्यानचंद संग्रहालय में पर्यटकों की संख्या अपेक्षाकृत कम थी। संयुक्त टिकट व्यवस्था लागू होने से दोनों संग्रहालयों में पर्यटकों की संख्या और राजस्व बढ़ने की उम्मीद है।
स्मार्ट सिटी लिमिटेड की मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) आकांक्षा राणा ने बताया कि पर्यटकों की सुविधा को देखते हुए दोनों संग्रहालयों के लिए संयुक्त टिकट व्यवस्था लागू की गई है। इससे एक ही टिकट पर दोनों संग्रहालयों का भ्रमण किया जा सकेगा।
अब यह होगा शुल्क
आयु वर्ग
भारतीय नागरिक
विदेशी नागरिक
0 से 10 वर्ष
निशुल्क
निशुल्क
10 से 18 वर्ष
40 रुपये प्रति व्यक्ति
1,000 रुपये प्रति व्यक्ति
18 वर्ष से अधिक
75 रुपये प्रति व्यक्ति
1,500 रुपये प्रति व्यक्ति
नोट: यह शुल्क मेजर ध्यानचंद संग्रहालय और स्पेस म्यूजियम के संयुक्त टिकट के लिए लागू होगा।
