Revenue official arrested for demanding a bribe of 5,000 rupees to register a name in the 'Gharauni

एंटी करप्शन द्वारा गिरफ्तार लेखपाल मनोज कुमार पांडेय। संवाद

जखनियां। आबादी की जमीन की घरौनी में नाम दर्ज कराने के लिए पांच हजार रुपये रिश्वत मांगना लेखपाल को महंगा पड़ गया। शनिवार को एंटी करप्शन वाराणसी मंडल की टीम ने तहसील परिसर के गेट नंबर एक के सामने रिश्वत लेते लेखपाल मनोज कुमार पांडेय को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। एंटी करप्शन टीम के प्रभारी नीरज कुमार सिंह ने बताया कि बघांव गांव के देईपुर निवासी विनय यादव ने 23 नवंबर को कार्यालय में लिखित शिकायत दी थी। आरोप लगाया था कि उनकी माता सुदेसरी देवी के नाम आबादी की जमीन की घरौनी में दर्ज कराने के लिए रिपोर्ट लगाने के एवज में क्षेत्रीय लेखपाल मनोज कुमार पांडेय पांच हजार रुपये रिश्वत मांग रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद टीम ने जांच कर कार्रवाई की योजना बनाई।


शनिवार को लेखपाल ने शिकायतकर्ता को रिश्वत देने के लिए तहसील बुलाया था। तहसील परिसर के गेट नंबर एक के सामने जैसे ही शिकायतकर्ता ने रकम दी, पहले से मौजूद एंटी करप्शन टीम ने लेखपाल को पकड़ लिया। टीम ने उसके कब्जे से रिश्वत की रकम बरामद कर गिरफ्तार कर लिया। उधर,आरोपी लेखपाल मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि उसे संबंधित क्षेत्र में काम करते हुए अभी तीन महीने हुए हैं। वहीं, भुडकुडा कोतवाल दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले में एंटीकरप्शन टीम की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।



Source link