गाजीपुर। सहालग का सीजन शुरू होते ही साड़ी बाजार में रौनक बढ़ गई है। शादी-विवाह और अन्य मांगलिक कार्यक्रमों को देखते हुए महिलाएं जमकर साड़ियों की खरीदारी कर रही हैं।

बाजार में इन दिनों हल्की, आकर्षक और चमकदार साड़ियों की मांग अधिक है। खासकर टिशू साड़ियां महिलाओं की पहली पसंद बनी हुई हैं। शादी-पार्टी में पहनने के लिए महिलाएं टिशू साड़ियों को प्राथमिकता दे रही हैं। ग्राहकों की पसंद को देखते हुए कारोबारियों ने भी विभिन्न डिजाइनों और रंगों की साड़ियों का स्टॉक मंगा रखा है।

साड़ी कारोबारी विनय गुप्ता और बसंत मोदनवाल ने बताया कि बाजार में बनारसी, सिल्क, ऑर्गेंजा, शिफॉन समेत कई तरह की साड़ियां उपलब्ध हैं। हालांकि, इन दिनों टिशू साड़ियों की मांग सबसे अधिक है। इन साड़ियों की खासियत इनका हल्का वजन और आकर्षक चमक है। गोल्डन और सिल्वर शेड, फ्लोरल प्रिंट, जरी वर्क और बारीक एंब्रॉयडरी वाली टिशू साड़ियां महिलाओं को खूब पसंद आ रही हैं।

कारोबारियों के मुताबिक, सहालग को देखते हुए विभिन्न डिजाइनों में टिशू साड़ियों का स्टॉक पहले ही मंगा लिया गया था, ताकि ग्राहकों को उनकी पसंद के अनुसार विकल्प मिल सकें। वहीं, परंपरागत बनारसी साड़ियों का क्रेज भी बरकरार है। शादी-विवाह में पारंपरिक लुक पसंद करने वाली महिलाएं बनारसी साड़ियों की खरीदारी कर रही हैं। बाजार में आधुनिक डिजाइन और पारंपरिक साड़ियों की मौजूदगी से ग्राहकों को खरीदारी के लिए कई विकल्प मिल रहे हैं। संवाद



Source link