सहालग सीजन में सोने-चांदी के भावों में गिरावट से सराफा बाजार में रौनक बढ़ गई है। बरेली के कारोबारियों के मुताबिक, पिछले माह युद्ध के दौरान कीमतों में गिरावट हुई थी लेकिन फिर बढ़ते गए। इधर सप्ताह भर में फिर से गिरावट जारी है। इससे सहालग सीजन में अच्छा कारोबार होने की उम्मीद है।
शनिवार को बरेली के सराफा बाजार में चांदी के भाव 2,42,500 रुपये प्रति किलो थे। जो सोमवार को 45 सौ रुपये लुढ़ककर 2.38 लाख पर बिकी। वहीं, सोने का भाव प्रति दस ग्राम 1.52 लाख रुपये था जो हजार रुपये गिरकर 1.51 लाख पर टिका। सहालग के दौरान गिरावट होना आयोजक के लिए राहत भरा भी है। क्योंकि बीते दिनों चांदी करीब चार लाख प्रति किलो और सोना 1.90 लाख रुपये प्रति दस ग्राम पहुंचने पर बाजार में भी सन्नाटा था। तब बड़ी तादाद में लोग बाजार में सिर्फ पूछताछ के लिए पहुंच रहे थे।
सराफा कारोबारी अंकुर शर्मा के मुताबिक अब कीमत सामान्य होने पर जरूरत और बजट के अनुसार खरीदारी हो रही है। बताया कि पिछले माह हुई गिरावट के दौरान पश्चिम एशिया में युद्ध के चलते लोग गाढ़ी कमाई जरूरत के लिए रखे थे। जो अब स्थिति सामान्य देख बाजार आ रहे हैं।
