गोंडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शुक्रवार को प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर सुबह आठ बजे से शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। शहीदे आजम भगत सिंह इंटर कॉलेज में होने वाले टैबलेट वितरण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों व लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने रूट डायवर्जन और पार्किंग की व्यवस्था तय की है। लखनऊ, अयोध्या, उतरौला और बड़गांव की ओर से आने वाले बड़े व छोटे वाहनों को अलग-अलग रास्तों से निकाला जाएगा। कार्यक्रम में आने वाली बसों के लिए आठ स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
सीओ यातायात दधिबल तिवारी ने बताया कि लखनऊ की ओर से आने वाले बड़े वाहनों को राजेंद्रनाथ लाहिड़ी चौराहे से कचहरी स्टेशन, सतरुद्दीन तिराहा, डीजल डिपो के पीछे से मिश्रौलिया चौकी होते हुए गंतव्य की ओर भेजा जाएगा। लखनऊ से आने वाले बड़े वाहन करनैलगंज से डायवर्ट होकर अयोध्या और बहराइच की ओर जाएंगे। अयोध्या और उतरौला की ओर से आने वाले बड़े वाहनों को मनकापुर तिराहा से सद्भावना चौकी, झंझरी तिराहा, कटहाघाट मोड़ और कटहाघाट पुल होते हुए निकाला जाएगा। लखनऊ की ओर से आने वाले छोटे वाहन अंबेडकर चौराहे से डायवर्ट होंगे। वहीं, बड़गांव की ओर से आने वाले छोटे वाहन एलबीएस, आईटीआई और पोस्ट ऑफिस चौराहे से होकर जाएंगे।
सात स्थानों पर होगी पार्किंग
शहर में वाहनों की पार्किंग के लिए अदम गोंडवी मैदान, गांधी पार्क, डॉ. संपूर्णानंद प्रेक्षागृह (टाउन हाॅल), सेवायोजन कार्यालय, फुरकानिया मदरसा, वेंकटाचार्य क्लब (अंबेडकर चौराहा) और पुलिस लाइन ग्राउंड निर्धारित किए गए हैं।
कार्यक्रम में आने वाली बसों के लिए अदम गोंडवी मैदान, जीआईसी मैदान, एलबीएस मैदान, भैया राघव राम पांडेय इंटर कॉलेज मैदान, सेवायोजन एवं आरटीओ मैदान, रघुकुल विद्यापीठ, पुलिस लाइन और मेडिकल कॉलेज को पार्किंग स्थल बनाया गया है। अदम गोंडवी मैदान में बहराइच और श्रावस्ती की करीब 200 बसें, जीआईसी मैदान में बलरामपुर की 100 बसें खड़ी होंगी। भैया राघव राम पांडेय इंटर कॉलेज मैदान में करीब 250, सेवायोजन एवं आरटीओ मैदान में 200 और रघुकुल विद्यापीठ में 300 बसों की पार्किंग की व्यवस्था है। पुलिस लाइन में 500 और मेडिकल कॉलेज में 300 बसों के लिए पार्किंग आरक्षित रहेगी। एलबीएस मैदान में वीआईपी और हल्के वाहनों की पार्किंग निर्धारित की गई है।
