{“_id”:”6b01ee9abacfec532704e3f3″,”slug”:”theft-at-a-grocery-merchants-house-and-a-temple-in-bhadsyana-village-hapur-news-c-306-1-gha1001-124949-2026-11-22″,”type”:”story”,”status”:”publish”,”title_hn”:”Hapur News: गांव भद्स्याना में किराना व्यापारी के घर व मंदिर में चोरी”,”category”:{“title”:”City & states”,”title_hn”:”शहर और राज्य”,”slug”:”city-and-states”}}

गांव भद्स्याना में चोरी के बाद बिखरा सामान, खुल पड़ी अलमारी। संवाद
बहादुरगढ़। थाना क्षेत्र के गांव भदस्याना में मुख्य बाजार में खाटू श्याम के संकीर्तन के दौरान शुक्रवार की रात चोरों ने किराना व्यापारी के घर को निशाना बना लिया। चोर घर से आभूषण, 55 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। वहीं, पास में ही स्थित मां काली के मंदिर से भी चोरों ने हजारों रुपये का सामान चोरी किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव भदस्याना निवासी यतेंद्र गर्ग किराना व्यापारी हैं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार की रात गांव के मुख्य बाजार में खाटू श्याम संकीर्तन का आयोजन किया गया था। वह और परिवार के अन्य सदस्य भी कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। उनके पिता देवेंद्र गर्ग घर में नीचे बने कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान चोर पीछे के रास्ते से छत पर चढ़कर पहली मंजिल पर पहुंचे। वहां गेट पर ताला लगा हुआ था, जिसे तोड़कर चोर अंदर दाखिल हो गए। आरोप है कि चोरों ने कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़ दिया और उसमें रखे पांच तोले सोने के आभूषण, 300 ग्राम चांदी और 55 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। संकीर्तन के कारण घर के बाहर और आसपास लोगों की आवाजाही बनी हुई थी, लेकिन किसी को घटना की भनक तक नहीं लगी। कार्यक्रम से लौटने पर सामान बिखरा देखकर चोरी की जानकारी हुई। पीड़ित ने पुलिस से मामले की जांच कर चोरी का खुलासा करने की मांग की है। वहीं, प्रमोद गर्ग ने बताया कि मां काली मंदिर परिसर में ही उनका आवास भी है। चोरों ने वहां से भी पांच हजार रुपये और चांदी के सिक्के चोरी कर लिए। घटना के समय वह मंदिर की छत पर सो रहे थे। सीओ राहुल यादव का कहना है कि मामले में जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई कराई जा रही है।
